
IBEX NEWS BUREAU,शिमला
शिमला पुलिस की स्पेशल सेल ने वैज्ञानिक और लगातार की गई जांच के दम पर अंतरराज्यीय चिट्टा (हेरोइन) तस्करी के एक संगठित नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए इसके मास्टरमाइंड को पंजाब के बठिंडा से गिरफ्तार किया है। मामले में अब तक कुल तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ लगभग 178 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, 20 जून 2026 को स्पेशल सेल ने कनलोग स्थित एक होम-स्टे में छापेमारी कर गोपाल कुमार निवासी बठिंडा (पंजाब) को गिरफ्तार किया था। उसके कब्जे से करीब 16 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ था।
मामले की गहन जांच के दौरान पुलिस ने सप्लाई नेटवर्क की कड़ियां जोड़ते हुए 23 जून को मोहाली से गुरुवचन उर्फ गुरु को गिरफ्तार किया। उसके पास से करीब 162 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। जांच में सामने आया कि वह शिमला में चिट्टा सप्लाई करने वाले संगठित गिरोह का अहम सदस्य था। दोनों आरोपियों से कुल 178 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया।
जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने पूरे नेटवर्क की परतें खोल दीं। पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पता चला कि गोपाल कुमार और गुरुवचन, दीपक कुमार उर्फ कर्णी बराड़ निवासी बठिंडा के लिए काम करते थे, जो इस नेटवर्क का मुख्य संचालक था।
इसके बाद गठित विशेष पुलिस टीम ने तकनीकी एवं मानवीय सूचना तंत्र की मदद से 5 जुलाई 2026 को दीपक कुमार उर्फ कर्णी बराड़ को बठिंडा से गिरफ्तार कर लिया।
ऐसे चलता था पूरा नेटवर्क
जांच में खुलासा हुआ कि दीपक कुमार ने मोहाली में एक फ्लैट किराए पर ले रखा था, जहां बठिंडा से चिट्टा लाकर रखा जाता था। वहां से गुरुवचन छोटी-छोटी मात्रा में चिट्टा गोपाल कुमार को उपलब्ध कराता था। गोपाल कुमार शिमला के विभिन्न स्थानों पर पहले से तय लोकेशनों पर चिट्टा रख देता था, जबकि खरीदारों को उन स्थानों की जानकारी सीधे दीपक कुमार देता था। बिक्री से प्राप्त रकम भी गोपाल और गुरुवचन के माध्यम से दीपक तक पहुंचाई जाती थी।
पुलिस का कहना है कि वैज्ञानिक जांच और लगातार की गई कार्रवाई से नशा तस्करी नेटवर्क की तीन परतों का सफलतापूर्वक खुलासा कर उसे प्रभावी ढंग से ध्वस्त किया गया है।
मुख्य आरोपी पर पहले से दर्ज हैं कई मामले
पंजाब पुलिस के रिकॉर्ड के अनुसार मुख्य आरोपी दीपक कुमार उर्फ कर्णी बराड़ के खिलाफ पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2023 में लगभग 100 ग्राम चिट्टा बरामदगी से जुड़ा एनडीपीएस एक्ट का मामला, वर्ष 2018 में महिला से छेड़छाड़ तथा पीछा करने का मामला और वर्ष 2022 में भारतीय दंड संहिता की धारा 188 के तहत दर्ज मामला शामिल है।
पुलिस ने आरोपी दीपक को न्यायालय में पेश कर 7 जुलाई 2026 तक का पुलिस रिमांड प्राप्त किया है। मामले के सभी पहलुओं की जांच जारी है।
शिमला पुलिस ने कहा है कि नशा तस्करी के खिलाफ उसकी ‘सप्लाई नेटवर्क को जड़ से खत्म करने’ की नीति के तहत भविष्य में भी ऐसे संगठित गिरोहों के विरुद्ध कठोर और प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।



