
IBEX NEWS BUREAU,शिमला
नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शिमला पुलिस की स्पेशल सेल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 242 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी एक आदतन नशा तस्कर है, जिसके खिलाफ पहले से 53 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस के मुताबिक 6 जुलाई 2026 को स्पेशल सेल को गुप्त सूचना मिली कि कुछ व्यक्ति शोघी बैरियर क्षेत्र से एक वाहन में चिट्टा की खेप लेकर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्काल नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका और स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन से 242 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद हुई।
पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनकी पहचान इन्द्रदेव उर्फ दाणू निवासी सुन्नी (शिमला), मोती शर्मा निवासी न्यू शिमला तथा सूरज चौहान, मूल निवासी देवरिया (उत्तर प्रदेश) एवं वर्तमान निवासी कुमारसैन (शिमला) के रूप में हुई।
तीनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना बालूगंज में एफआईआर संख्या 133/2026 के तहत एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 और 29 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।
53 से अधिक मामलों का आरोपी है इन्द्रदेव उर्फ दाणू
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी इन्द्रदेव उर्फ दाणू एक आदतन नशा तस्कर है। उसके विरुद्ध 53 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें एनडीपीएस एक्ट के 9 मामले, आर्म्स एक्ट, आबकारी अधिनियम तथा चोरी से जुड़े कई मामले शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपी को पहले PIT-NDPS Act के तहत तीन माह के लिए निरुद्ध (डिटेन) किया गया था और वह 21 जून 2026 को ही जेल से रिहा हुआ था। शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि वह सुन्नी, रामपुर, कुमारसैन और शिमला के अन्य क्षेत्रों में सैकड़ों युवाओं तक चिट्टा पहुंचाने वाले नेटवर्क का सक्रिय सदस्य था।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रिमांड लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामले में सप्लाई चेन, बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज, वित्तीय लेन-देन तथा नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों की पहचान के लिए गहन और वैज्ञानिक जांच जारी है।
शिमला पुलिस ने कहा है कि नशा तस्करी के संगठित नेटवर्क के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह सख्त और प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।


