
शिमला पुलिस की त्वरित कार्रवाई, Lenovo टैब, बैग, नकदी समेत 100 फीसदी चोरीशुदा संपत्ति बरामद
IBEX NEWS BUREAU,शिमला, 14 जुलाई।
शिमला पुलिस ने संजौली क्षेत्र में हुई चोरी के एक मामले का त्वरित खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरीशुदा संपत्ति की 100 प्रतिशत बरामदगी करने में सफलता हासिल की है। पुलिस की वैज्ञानिक जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर की गई कार्रवाई को इस मामले में बड़ी सफलता माना जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, 8 जुलाई 2026 को संजौली निवासी सुश्री संकृति की लिखित शिकायत पर थाना संजौली में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) के तहत एफआईआर संख्या 48/2026 दर्ज की गई थी। शिकायत में चोरी की वारदात की सूचना दी गई थी।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने अनीकेत (23) निवासी शास्त्री निवास, धानी कॉलोनी, मशोबरा को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर चोरी किया गया बैग और अन्य सामान बरामद किया गया। वहीं दूसरे आरोपी अंकुश के कब्जे से चोरी हुआ Lenovo टैब और 3,000 रुपये नकद बरामद किए गए।
पुलिस ने बताया कि इस कार्रवाई के दौरान चोरीशुदा संपत्ति की 100 प्रतिशत बरामदगी सुनिश्चित की गई है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।
शिमला पुलिस ने कहा कि जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

