
वाहन चेकिंग के दौरान पिकअप में तिरपाल के नीचे छिपाकर ले जाई जा रही थी चोरी की मोटरसाइकिल, एक नाबालिग भी मामले में शामिल
IBEX NEWS BUREAU,शिमला।
जिला शिमला पुलिस ने सुन्नी क्षेत्र में चोरी की मोटरसाइकिल बरामद कर एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए पंजाब के दो युवकों को गिरफ्तार किया है। नियमित गश्त और वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने पिकअप वाहन से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद कर मामले का त्वरित खुलासा किया।
पुलिस के अनुसार, 13 जुलाई 2026 को पुलिस थाना सुन्नी की टीम क्षेत्र में नियमित गश्त एवं वाहन जांच कर रही थी। इसी दौरान एक पिकअप वाहन की तलाशी लेने पर उसमें तिरपाल के नीचे छिपाकर रखी गई एक मोटरसाइकिल मिली। वाहन में सवार व्यक्ति मोटरसाइकिल के संबंध में कोई वैध दस्तावेज या संतोषजनक जवाब नहीं दे सके, जिस पर पुलिस ने मोटरसाइकिल और पिकअप वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
इसी दिन बाद में एक व्यक्ति ने पुलिस थाना सुन्नी में अपनी मोटरसाइकिल चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई। जांच के दौरान बरामद मोटरसाइकिल का शिकायतकर्ता की चोरी हुई बाइक से मिलान होने पर पुलिस ने अभियोग संख्या 28/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) एवं 3(5) के अंतर्गत मामला दर्ज किया।
अन्वेषण के दौरान पुलिस ने मनदीप सिंह (25 वर्ष), निवासी पटियाला (पंजाब) तथा साजन सिंह (25 वर्ष), निवासी पटियाला (पंजाब) को गिरफ्तार कर लिया। मामले में एक नाबालिग की संलिप्तता भी सामने आई है, जिसके विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि गिरफ्तार आरोपी किसी अन्य वाहन चोरी की घटनाओं में भी शामिल रहे हैं या नहीं। मामले की विस्तृत जांच जारी है।


