
840 संदिग्धों की स्क्रीनिंग, 1,774 वाहनों की जांच, 885 हॉटस्पॉट पर लगे ‘No Drug Abuse Here’ बोर्ड; 2.57 ग्राम चिट्टा बरामद
IBEX NEWS BUREAU,शिमला।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू द्वारा 15 नवंबर 2025 को शुरू किए गए प्रदेशव्यापी ‘चिट्टा-मुक्त हिमाचल’ जन-आंदोलन को आगे बढ़ाते हुए स्पेशल टास्क फोर्स (STF) और जिला पुलिस ने सोमवार को पूरे प्रदेश में नशे के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया। अभियान के दूसरे चरण (भाग-2) के तहत प्रदेश के सभी जिलों में निर्जन, एकांत और अर्ध-सार्वजनिक स्थलों पर एक साथ सर्च ऑपरेशन चलाकर नशा तस्करी और सेवन पर शिकंजा कसा गया।



अभियान के दौरान सुनसान पहाड़ी ढलानों, जंगलों, परित्यक्त भवनों, खाली कमरों, पार्किंग स्थलों, नदी किनारों, पुराने बस अड्डों और गैराज शेड सहित कुल 573 संवेदनशील स्थानों की गहन तलाशी ली गई। इसके साथ ही गांवों और शहरों में घूम रहे संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान कर उनकी रैंडम स्क्रीनिंग भी की गई।



राज्यव्यापी कार्रवाई के दौरान 840 संदिग्ध व्यक्तियों की स्क्रीनिंग की गई, जिनमें से 114 लोगों के मूत्र के नमूने जांच के लिए एकत्र किए गए। पुलिस ने 1,774 वाहनों की जांच की, जबकि तंबाकू नियंत्रण कानून (COTPA) के तहत 169 चालान किए गए। अभियान के दौरान 2.57 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया तथा एक नया मामला दर्ज किया गया।

नशे के खिलाफ जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से पुलिस ने प्रदेशभर के 885 चिन्हित हॉटस्पॉट और संवेदनशील स्थानों पर “No Drug Abuse Here” सूचना पट्ट भी स्थापित किए, ताकि ऐसे क्षेत्रों में नशे के विरुद्ध स्पष्ट संदेश दिया जा सके।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार अभियान का उद्देश्य निर्जन और संवेदनशील स्थानों पर मादक पदार्थों के सेवन एवं तस्करी पर प्रभावी रोक लगाना, संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान कर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करना तथा प्रदेश में सुरक्षित और नशा-मुक्त वातावरण स्थापित करना है।
हिमाचल प्रदेश पुलिस ने नागरिकों, विशेषकर युवाओं से अपील की है कि चिट्टा या अन्य मादक पदार्थों से जुड़ी किसी भी गतिविधि की सूचना तत्काल 112 या निकटतम पुलिस थाने में दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
पुलिस ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में चल रहे ‘चिट्टा-मुक्त हिमाचल’ अभियान को जनसहभागिता के माध्यम से और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा तथा प्रदेश से नशे के नेटवर्क को पूरी तरह समाप्त करने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।


