
स्थानीय युवाओं को नशा बेचने की थी तैयारी, पुलिस ने गुप्त सूचना पर होटल में दी दबिश
IBEX NEWS BUREAU ,शिमला, 17 जुलाई।
जिला शिमला पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए पंजाब के तीन युवकों को लगभग 21 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) सहित गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना सदर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, अभियोग संख्या 87/2026 दिनांक 15 जुलाई 2026 को पुलिस थाना सदर में धारा 21 एवं 29 ND&PS Act के तहत दर्ज किया गया। स्पेशल सेल शिमला और पुलिस थाना सदर की संयुक्त टीम ने विश्वसनीय गुप्त सूचना के आधार पर शिमला शहर के एक निजी होटल में दबिश दी।
तलाशी के दौरान होटल के कमरे में तकिये के नीचे छिपाकर रखा गया लगभग 21 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तीनों आरोपी आपसी मिलीभगत से यह मादक पदार्थ पंजाब से शिमला लेकर आए थे और इसे स्थानीय युवाओं को बेचने की फिराक में थे।
गिरफ्तार आरोपी
- आकाश (18 वर्ष) पुत्र राजेन्द्र कुमार, निवासी लुधियाना, पंजाब।
- सागर सिंह (19 वर्ष) पुत्र डिम्पल सिंह, निवासी लुधियाना, पंजाब।
- अंकित कुमार (23 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय राकेश कुमार, निवासी लुधियाना, पंजाब।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें 20 जुलाई 2026 तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।
शिमला पुलिस ने बताया कि मामले की गहन जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपियों का संबंध किसी बड़े नशा तस्करी नेटवर्क से तो नहीं है। पुलिस ने दोहराया कि जिले में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी सख्ती के साथ जारी रहेगा।



