
IBEX NEWS BUREAU,शिमला
जिला शिमला के जुब्बल क्षेत्र में चिट्टा तस्करी का एक शातिर और हाईटेक तरीका सामने आया है। पुलिस थाना जुब्बल में दर्ज अभियोग संख्या 29/2026 (धारा 21 एनडीपीएस अधिनियम) की जांच के दौरान खुलासा हुआ कि आरोपी चिट्टा (हेरोइन) को विभिन्न सुनसान स्थानों पर छिपाकर उनकी लोकेशन WhatsApp के माध्यम से पंजाब निवासी अपने मुख्य सप्लायर को भेजता था, जिसके जरिए नशे की सप्लाई का पूरा नेटवर्क संचालित किया जा रहा था।
मामले में पुलिस ने 15 जुलाई को सरस्वती नगर क्षेत्र से रविंद्र कुमार (26), निवासी घुमारवीं, जिला बिलासपुर को लगभग 10 ग्राम चिट्टा और ₹12,100 नकद सहित गिरफ्तार किया था। आरोपी से पूछताछ और उसके मोबाइल फोन की तकनीकी जांच में 13 अलग-अलग लोकेशन मिलीं। इसके बाद 17 और 18 जुलाई को आरोपी की निशानदेही पर एनएच-705 पर सनाभा (खड़ापत्थर) से सरस्वती नगर के बीच चिन्हित स्थानों की तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान तीन अलग-अलग स्थानों से लगभग 5-5 ग्राम, यानी कुल 15 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। पहले बरामद 10 ग्राम को मिलाकर मामले में अब तक कुल 25 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद हो चुका है।
पुलिस के अनुसार, मोबाइल से मिले तकनीकी साक्ष्यों ने इस हाईटेक ड्रग नेटवर्क की कार्यप्रणाली का खुलासा किया है। आरोपी फिलहाल पुलिस रिमांड पर है और पंजाब स्थित मुख्य सप्लायर सहित पूरे नेटवर्क की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच तेज कर दी गई है। शिमला पुलिस ने कहा कि जिले में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस अवैध कारोबार से जुड़े किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

