भाजपा आधारहीन ब्यानबाजी कर प्रदेश का माहौल खराब करने का प्रयास कर रही है…मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (मीडिया) नरेश चौहान।

Listen to this article

IBEX NEWS,शिमला।

मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (मीडिया) नरेश चौहान ने आज यहां पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि भाजपा प्रदेश की वर्तमान सरकार द्वारा प्रदेश हित में लिए जा रहे बड़े महत्वपूर्ण फैसलों से बौखला गई है। वे आज यहां पत्रकारों से अनौपचारिक बात कर रहे थे।  बागवानों के हितों की बात करते हुए नरेश चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री बागवानों की समस्याओं से परिचित हैं और इसका हल निकालने के लिए बागवानी मंत्री तथा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल के बागवान युनिवर्सल कार्टन की मांग कर रहे हैं। 24 सेब उत्पादकों को किलो के हिसाब से भुगतान होगा। 24 किलो में 2 किलो पैकिंग मैटिरियल से 22 किलो के हिसाब से भुगतान होना चाहिए और इसके लिए बागवानी मंत्री ने स्वंय पराला मण्डी जाकर बागवानों को सुना।  उन्होंने कहा कि सेब सीजन शुरू होने वाला है और इसके लिए सभी लोगों से बातचीत करके बीच का रास्ता निकाला जाएगा।

  उन्होंने भाजपा के नेताओं से सवाल किया कि वे यह बताएं कि उन्होंने अपने पिछले पांच वर्षों के कार्यकाल में प्रदेश के लिए क्या किया जबकि खुद को डबल इंजन की सरकार का दावा करने वाली सरकार ने लोगों से बड़े-बड़े वायदे किए थे।

 

  मीडिया सलाहकार ने कहा कि मुख्यमंत्री प्रदेश की आर्थिक स्थिति को पटरी पर लाने और कर्ज से बाहर निकालने के लिए पूरी तरह प्रयासरत हैं फ्रंट लाईन पर आकर प्रदेश के हितों की लड़ाई लड़ रहे हैं और इसके लिए भाखड़ा बांध प्रबन्ध बोर्ड तथा चण्डीगढ़ में हिमाचल के शेयर की मांग कर रहे है। यहां तक कि पड़ौसी राज्यों के मुख्यमंत्रियों तथा केन्द्रीय मंत्रियों से बातचीत कर प्रदेश के मसलों को सुलझाने के लिए युद्ध स्तर पर कार्य कर रहे हैं। हिमाचल में जितने भी पॉवर प्रोजैक्टस हैं उनके जरिए हिमाचल की आर्थिक स्थिति को ठीक करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता से किए गए सभी वायदों को चार वर्षों के भीतर पूरा किया जाएगा और आने वाले समय में हिमाचल प्रदेश देश का अग्रणी राज्य होगा। 

  नरेश चौहान ने कहा कि भाजपा आधारहीन ब्यानबाजी कर रही है और प्रदेश का माहौल खराब करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा किस आधार पर सरकार से यह प्रश्न कर रही है कि सरकार ने लोगों से किए गए कोई भी वायदे पूरे नहीं किए जबकि हमारी सरकार की राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल बनाने की गारंटी को पूरा कर रही है जिसके लिए जमीन का अधिग्रहण किया जा रहा है। 

  उन्होंने कहा कि शिमला प्रदेश का मिनी हिमाचल है और हाल ही में हुए शिमला नगर निगम के चुनाव में कांग्रेस पार्टी को मिला दो तिहाई बहुत इस बात का प्रमाण है कि शिमला के लोगों ने इस सरकार के प्रति अपना पूर्ण विश्वास व्यक्त किया है।  

   नरेश चौहान ने कहा कि भाजपा भीतरी कलह से ग्रस्त है जहां नेतृत्व एवं वर्चस्व की लड़ाई चल रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा में जयराम ठाकुर अपनी लीडरशिप को बचाने में लगे हैं जबकि दूसरी ओर जगतप्रकाश नड्डा और अनुराग ठाकुर राष्ट्रीय स्तर के बड़े नेता हैं। बिन्दल की जिन परिस्थितियों में वापसी हुई है, वह भी जग जाहिर है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जो बड़े फैसले लेती है उसमें विपक्ष को आधारहीन ब्यानबाजी करके तुच्छ राजनीति करने की बजाए सकारात्मक भूमिका निभानी चाहिए।