Himachal: चंद्रयान-3 का लैंडर चंद्रमा की सतह पर उतरते ही खुशी में झूमे लोग, सीएम ने वैज्ञानिकों को दी बधाई। चंद्रयान-3 का लैंडर मॉड्यूल (एलएम) बुधवार शाम चंद्रमा की सतह पर उतर गया। भारत चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर पहुंचने वाला दुनिया का पहला देश बन गया है। IBEX NEWS,शिमला।

Listen to this article

चंद्रयान-3 का लैंडर मॉड्यूल (एलएम) बुधवार शाम चंद्रमा की सतह पर उतर गया। भारत चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर पहुंचने वाला दुनिया का पहला देश बन गया है। लैंडर (विक्रम) और रोवर (प्रज्ञान) से युक्त लैंडर मॉड्यूल ने शाम छह बजकर चार मिनट पर चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुवीय क्षेत्र पर सॉफ्ट लैंडिंग की। हिमाचल प्रदेश में भी भारी बारिश से हुई तबाही के बीच लोगों में चंद्रयान-3 को लेकर खासा उत्साह देखा गया। लोग विभिन्न माध्यमों से लैंडर की लैंडिंग को लेकर पल-पल की जानकारी लेते रहे। लोगों ने टीवी व मोबाइल फोन पर चंद्रयान-3 के एलएम की लाइव लैंडिंग देखी। कई लोग सफल लैंडिंग की उम्मीद लिए टीवी से चिपके रहे। आखिरकार जब लैंडर मॉड्यूल चंद्रमा की सतह पर सफलतापूर्वक उतरा, तो लोग खुशी में झूम उठे। लोगों ने चेहरों पर मुस्कान के साथ तालियों बजाकर चंद्रयान-3 मिशन की सफलता की खुशी जाहिर की। मालरोड पर कई लोगों ने मिशन को टीवी शो रूम में लाइव देखा। भाजपा प्रदेश कार्यालय में भी जश्न 


भाजपा मुख्यालय दीप कमल चक्कर शिमला में चंद्रयान-3 मिशन को नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, भाजपा संगठन महामंत्री सिद्धार्थन, महामंत्री बिहारी लाल शर्मा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने देखा। इस दौरान भाजपा मुख्यालय भारत माता की जय और तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। कार्यकर्ताओं ने पटाखे जलाकर और तिरंगा फहराकर भारत की इस विजय का जश्न मनाया। वहीं, सिरमौर जिले के नाहन के बड़ा चौक पर लैंडर मॉड्यूल की लैंडिंग देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग एकत्र हुए।इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, सांसद सुरेश कश्यप, सहित भाजपा कार्यकर्ता व अन्य लोग मौजूद रहे। चांद पर लैंडिंग होते ही लोग ढोल की थाप पर झूमने लगे। पूरा क्षेत्र भारत माता की जय के नारों से गूंज उठा। वहीं, कुल्लू व अन्य जिलों में भी जश्न मनाया गया।