सोनिया गांधी को बीजेपी जिस प्रकार से प्रताड़ित कर रही है,वो पूरा देश देख रहा है…कांग्रेस।बीजेपी का महिला विरोधी कहना गलत।

Listen to this article

IBEX NEWS, शिमला

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता कुलदीप सिंह राठौर ने भाजपा पर आरोप लगाया है कि वह देश में साम्प्रदायिक सौहार्द को बिगाड़ने का प्रयास कर रही है। उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा का कांग्रेस को महिला विरोधी कहने पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भाजपा महिला हितेषी होने का ढोंग न रचें। उन्होंने कहा की लोकतंत्र में महिलाओं की भागीदारी  को कांग्रेस ने ही सुनिश्चित किया था।

राठौर ने आज यहां एक बयान में कहा कि भाजपा देश मे बढ़ती मंहगाई व बेरोजगारी से लोगों का ध्यान हटाने के लिये ऊलजलूल बाते करती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी को भाजपा जिस प्रकार प्रताड़ित कर रही है,उसे सारा देश देख रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने हमेशा ही  धुव्रीकरण की राजनीति की है। आज देश का लोकतंत्र खतरे में पड़ता जा रहा है,जहां देश में सरकार के खिलाफ किसी को भी बोलने का कोई अधिकार नही है।

राठौर ने कहा कि भाजपा आज देश मे हर घर मे तिरंगा फहराने की बात कह रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा देश के तिरंगे का भी राजनीतिकरण कर रही है,जो बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि देश का तिरंगा झंडा देश का गौरव है और इसका किसी भी तरह से राजनीतिकरण नही किया जाना चाहिए।