Listen to this article

प्रदेश अध्यक्ष एवम सासंद प्रतिभा सिंह, मुकेश अग्निहोत्री, सुखविंदर सिंह सुक्खू, विक्रमादित्य सिंह ने घेरी सरकार।

आज कुल्लू के देव सदन मैदान में कांग्रेस की आजादी की गौरव यात्रा की एक जनसभा को किया संबोधित।

IBEX NEWS,शिमला

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सांसद प्रतिभा सिंह ने कहा है कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनते ही लोगों को भाजपा की जन विरोधी नीतियों से मुक्ति दिलाई जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जयराम सरकार लोगों की उम्मीदों पर खरी नही उतरी है और लोगों में बहुत ही निराशा है।

आज कुल्लू के देव सदन मैदान में कांग्रेस की आजादी की गौरव यात्रा की एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है। उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी से निपटने में यह सरकार पूरी तरह विफल रही है।

प्रतिभा सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सत्ता में आने से पहले लोगों को बढ़ती महंगाई व बेरोजगारी दूर करने के बड़े बड़े सपने दिखाए थे।उन्होंने कहा कि आज देश गंभीर चुनोतियों से गुज़र रहा है और भाजपा इसे पूरी तरह नजरअंदाज कर लोगों को गुमराह कर रही है। 

प्रतिभा सिंह ने कहा कि देश की आजादी में कांग्रेस का बहुत बड़ा योगदान रहा है। उन्होंने आजादी के पर्व स्वतंत्रता दिवस पर लोगों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश की एकता और अंखडता के लिये सभी को एकजुट होकर कांग्रेस को मजबूत करना है।

इससे पूर्व नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने जयराम सरकार को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि प्रदेश में सत्ता परिवर्तन के साथ भाजपा की विदाई तय है।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री से मंडी का एयरपोर्ट ही तक नही बना अब वह जाते जाते बड़ी बड़ी घोषणाएं कर रहें है। 

मुकेश ने भाजपा पर आरोप लगाया कि वह अपनी रैलियों के लिये सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग कर रही है। उन्होंने कहा कि रैलियों में  अधिकारियों पर दबाव बना कर सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को जबरन बुला कर भीड़ जुटाने का प्रयास किया जा रहा है।

मुकेश ने कहा कि प्रदेश के विकास के इतिहास में दो मुख्यमंत्रियों को हमेशा याद रखा जाएगा एक डॉ यशवंत सिंह परमार और दूसरे वीरभद्र सिंह। उन्होंने कहा कि आज जहां भी देखो चारों तरफ वीरभद्र सिंह के विकास कार्य नज़र आते है। उन्होंने कहा कि वर्तमान मुख्यमंत्री को बेरोजगार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ व पुलिस भर्ती पेपर बेचने के नाम से याद रखा जाएगा।

प्रचार समिति के अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने इस दौरान कहा कि प्रदेश में कांग्रेस पार्टी एकजुट और पूरी तरह मजबूत है। उन्होंने कहा कि भाजपा लोगों को कांग्रेस में मुख्यमंत्री के नाम पर गुमराह करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की एक मजबूत सरकार बनेगी और मुख्यमंत्री का फैसला आला कमान करेगा।

सुक्खू ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह,नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री सहित पार्टी के सभी नेता अपना अपना कार्य बड़ी मजबूती से कर रहें है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में वोट की ताकत होती है और यह ताकत अब कांग्रेस के पास आ गई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में चार उप चुनवों में कांग्रेस की शानदार जीत इसी का परिणाम है।

सुक्खू ने कहा कि  भाजपा ने देश प्रदेश के बेरोजगार युवाओं के भविष्य के साथ जो खिलवाड़ किया है उसके लिये यह देश उसे कभी माफ नही करेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पुलिस भर्ती पेपर लीक नही हुआ यह बेचा गया जिसकी कीमत 5 लाख से 10 लाख रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री इस मामलें की सीबीआई जांच से बच रहें है क्योंकि इस घोटाले में उसके नेता और करीबी शामिल है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सत्ता में आते ही इस घोटाले की जांच कर दोषियों को सलाखों के पीछे धकेलेगी।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता विधायक रामलाल ठाकुर ने कहा कि भाजपा ने किसानों,बागवानों,कारोवरियो की कमर तोड़ कर रख दी है। उन्होंने कहा कि आज कोई भी ऐसा वर्ग नही है जो इस सरकार से खुश हो।उन्होंने कहा कि अब प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने जा रही है जो लोगों के हितों की रक्षा करते हुए सभी से न्याय करेगी।

शिमला ग्रामीण के युवा विधायक विक्रमादित्य सिंह ने प्रदेश की जयराम सरकार पर आरोप लगाया कि उन्होंने प्रदेश में क्षेत्रवाद को बढ़ावा देते हुए लोगों को बांटने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि मंडी संसदीय क्षेत्र के चुनाव के दौरान उन्होंने मंडी का नारा देकर अपनी संकुचित मानसिकता का परिचय दिया था। उन्होंने कहा कि मंडी के लोगों ने मुख्यमंत्री के इस नारे को दरकिनार करते हुए प्रतिभा सिंह को भारी मतों से जिताया जिसके लिये वह इस संसदीय क्षेत्र के लोगों के आभारी है।

विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि प्रदेश में वीरभद्र सिंह के विकास का ही मॉडल चलेगा और प्रदेश में फिर से कांग्रेस की लोकप्रिय सरकार बनेगी।

कुल्लू के विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने सभा मे भारी संख्या में आये लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस जोश से साफ हो गया है कि कुल्लू जिला की चारों सीटों पर कांग्रेस की शानदार जीत होगी। 

सभा को जिला अध्यक्ष बुद्धि सिंह ठाकुर,सत्यप्रकाश ठाकुर व पंडित खिमी राम ने भी संबोधित करते हुए लोगों से कांग्रेस की मजबूती के लिये एकजुट होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज की इस भीड़ से साफ है कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने जा रही है।