IBEX NEWS, शिमला मूरंग की नारी ने जताया “नारी को नमन “कार्यकम में सीएम का आभार। 50फीसद किराए में छूट से किन्नौर की महिलाएं गदगद।

Listen to this article


महिलाओं को राज्य के भीतर चलने वाली हिमाचल पथ परिवहन निगम की साधारण बसों के किराए में 50 प्रतिशत छूट योजना नारी को नमन के शुभारंभ अवसर पर आज जिला स्तरीय कार्यक्रम रिकांग पिओ स्थित बस अड्डा में आयोजित किया गया जिसकी अध्यक्षता मुख्य सचेतक बिक्रम सिंह जरयाल ने की।
इस अवसर पर धर्मशाला में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह से मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने किन्नौर जिला के मूरंग गांव की महिला लाभार्थी दिनेश नेगी से वर्चुअल माध्यम से वार्तालाप किया। दिनेश नेगी ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का महिलाओं को पथ परिवहन निगम की साधारण बसों के किराए में 50 प्रतिशत छूट प्रदान करने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने मुख्यमंत्री से कहा कि आज का दिन प्रदेश की महिलाओं के लिए एक महत्वपूर्ण दिन बन गया है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने महिलाओं को पथ परिवहन निगम की बसों के किराए में 50 प्रतिशत की छूट प्रदान कर एक बहुत बड़ा तोहफा दिया है जिसे महिलाएं हमेशा याद रखेंगी। उन्होंने कहा कि इस योजना से प्रदेश भर की गरीब व जरूरतमंद महिलाएं लाभान्वित होंगी।
बिक्रम सिंह जरयाल ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं के सर्वांगीण विकास व आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएं पहले ही आरंभ की गई हैं तथा अब निगम की बसों में किराए में 50 प्रतिशत छूट से महिलाएं और लाभान्वित होंगी तथा अपने कार्यों के लिए एक स्थान से दूसरे स्थान पर जाने के लिए उन्हें अब किराए के रूप में कम पैसे व्यय करने होंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं के लिए गृहणी सुविधा योजना चलाई गई है। इस योजना का उद्देश्य प्रधानमंत्री उज्जवला योजना में शामिल न हो सके परिवारों को स्वच्छ व धुंआ रहित ईंधन उपलब्ध करवाकर महिला सशिक्तकरण व पर्यावरण की रक्षा करना है। योजना के तहत 3.23 लाख महिलाओं को निःशुल्क रसोई गैस कनैक्शन प्रदान किए गए हैं।


उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा विधवाओं, एकल महिलाओं को सामाजिक सुरक्षा कार्यक्रम के तहत पैंशन सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है वहीं निर्धन परिवारों की लड़कियों एवं नारी सेवा सदन में रह रही लड़कियों को 51 हजार रुपये की राशि प्रदान की जा रही है। महिला सशिक्तकरण योजना के तहत राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत गठित स्वयं सहायता समूहों को 25 हजार रुपये रिवाॅलविंग फंड की अतिरिक्त सहायता प्रदान की जा रही जिससे प्रदेश भर की 2.50 लाख से अधिक महिलाएं लाभान्वित हो रही हैं।
मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना के तहत व्यापारिक गतिविधियां आरंभ करने के लिए महिलाओं को 35 प्रतिशत का उपदान प्रदान किया जा रहा है। साथ ही बेटी है अनमोल योजना के अंतर्गत बी.पी.एल परिवारों की दो बेटियों तक 21 हजार रुपये की राशि बेटियों के नाम बैंक या डाकघर में जमा की जाती है तथा 18 वर्ष की आयु पूर्ण होने पर यह राशि उन्हें ब्याज सहित प्रदान की जाती है।
उपायुक्त किन्नौर आबिद हुसैन सादिक ने मुख्य सचेतक बिक्रम सिंह जरयाल व अन्य सभी गणमान्य व्यक्तियों का स्वागत किया।


इस अवसर पर जिला परिषद अध्यक्ष निहाल चारस, उपायुक्त आबिद हुसैन सादिक, उपमण्डलाधिकारी कल्पा शशांक गुप्ता, पुलिस उप-अधीक्षक नवीन जालटा, भाजपा के जिला महामंत्री चंद्रपाल, कल्पा भाजपा मण्डल के अध्यक्ष परमींद्र नेगी, पंचायती राज संस्थाओं के प्रधान, उपप्रधान, महिलाएं व पथ परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक आजींद्र चैधरी सहित अन्य उपस्थित थे।
.0.

Leave a Reply