
निरीक्षण में आटा, न्यूट्री और टमाटर पाए गए ख़राब — विभाग ने तुरंत कार्रवाई कर दी जवाबदेही तय, नई मैस टीम की नियुक्ति।
IBEX NEWS,शिमला, 28 अक्तूबर।
दिनांक 16 अक्तूबर 2025 को पुलिस लाइन भराड़ी, शिमला में मैस निरीक्षण (मैस चेकिंग) के दौरान आटा, न्यूट्री और कुछ टमाटर ख़राब अवस्था में पाए गए। इस पर विभाग ने तुरंत संज्ञान लेते हुए ख़राब राशन को मैस से हटाया और मैस मैनेजर व कुक को कारण बताओ नोटिस जारी किया।
नोटिस के जवाब में दोनों ने बताया कि संबंधित राशन उन्होंने अधिकृत दुकानदार से खरीदा था, लेकिन जांच में वह खराब निकला। खराब राशन को मैस में उपयोग न करते हुए दुकानदार को वापस करने का प्रस्ताव भी रखा गया।

इसके उपरांत 24 अक्तूबर 2025 को आयोजित प्राइमरी मैस मीटिंग में इस पूरे मामले पर चर्चा की गई। बैठक में मौजूद सदस्यों ने माना कि ऐसी घटना पहली बार सामने आई है। हालांकि, जवाबदेही तय करते हुए मैस मैनेजर और कुक का स्थानांतरण करने तथा नई तैनाती करने का निर्णय लिया गया।
नई मैस टीम के नियुक्त होने के साथ ही ख़राब राशन को दुकानदार को लौटाने की कार्रवाई पूरी कर दी गई है, और एक कुक का तबादला पहले ही किया जा चुका है।
यह पूरी कार्रवाई प्रथम सशस्त्र वाहिनी, जुंगा जिला शिमला के समादेशक के निर्देशन में संपन्न हुई।




