
उपायुक्त किरण भड़ाना ने समीक्षा बैठक में दिए निर्देश; सड़क, बिजली, स्वास्थ्य, राशन और राहत व्यवस्था को समय रहते दुरुस्त करने पर जोर
IBEX NEWS BUREAU,21 जुलाई। लाहौल-स्पीति में मानसून के दौरान सामान्य से अधिक वर्षा की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। मंगलवार को उपायुक्त कार्यालय के सम्मेलन कक्ष में आयोजित जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की समीक्षा बैठक में उपायुक्त किरण भड़ाना ने सभी विभागों को संभावित आपदा और आपात स्थितियों से निपटने के लिए पर्याप्त मशीनरी, उपकरण, राहत सामग्री और जीवन रक्षक दवाओं का अग्रिम प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों की प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार इस वर्ष जिले में सामान्य से अधिक वर्षा होने की संभावना है। ऐसे में सभी विभाग समय रहते अपनी तैयारियां पूरी करें ताकि किसी भी प्राकृतिक आपदा की स्थिति में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
उन्होंने लोक निर्माण, जल शक्ति सहित संबंधित विभागों को एसडीआरएफ के तहत पूर्ण किए गए कार्यों के उपयोगिता प्रमाण पत्र शीघ्र भेजने तथा राज्य आपदा शमन निधि (एसडीएमएफ) के अंतर्गत प्रस्तावित परियोजनाओं की रिपोर्ट समय पर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
कृषि एवं बागवानी विभाग को किसानों और बागवानों के साथ सतत संपर्क बनाए रखने, फसलों और बागवानी उत्पादों की समय पर लिफ्टिंग सुनिश्चित करने तथा सड़क बाधित होने की स्थिति में वैकल्पिक कार्ययोजना तैयार रखने को कहा गया। वहीं विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति बनाए रखने, मरम्मत दलों और आवश्यक उपकरणों को हर समय तैयार रखने के निर्देश दिए गए।
लोक निर्माण विभाग को भूस्खलन और सड़क अवरोध की स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त मशीनरी एवं मानव संसाधन उपलब्ध रखने, जबकि स्वास्थ्य विभाग को सभी स्वास्थ्य संस्थानों में आवश्यक दवाइयों और जीवन रक्षक औषधियों का पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित करने को कहा गया।
खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग को एलपीजी सिलेंडर, खाद्य तेल और आवश्यक राशन सामग्री का पर्याप्त स्टॉक रखने तथा सड़क संपर्क टूटने की स्थिति में वैकल्पिक आपूर्ति व्यवस्था पहले से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने लगातार आपदा प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री का अग्रिम भंडारण करने पर भी विशेष जोर दिया।
उपायुक्त किरण भड़ाना ने बताया कि टेलिंग नाला और पागल नाला जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में संभावित अवरोध को देखते हुए सीमा सड़क संगठन (BRO) ने इस बार अपनी मशीनरी पहले से ही सिसु में तैनात कर दी है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर सड़क बहाली का कार्य तुरंत शुरू किया जा सके।
उन्होंने जिले में आने वाले पर्यटकों और यात्रियों से भी मौसम और सड़क की ताजा जानकारी लेकर ही यात्रा करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन मानसून के दौरान जनसुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह सतर्क है और सभी विभागों के बीच समन्वय के साथ आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।



