
“हिमाचल भाजपा का था, है और 2027 में भी रहेगा”
IBEX NEWS,शिमला/धर्मशाला:
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा ने धर्मशाला में आयोजित विराट जनसभा को संबोधित करते हुए अपने भाषण की शुरुआत “राधे–राधे” के उद्घोष से की। यह उद्घोष मुख्यमंत्री द्वारा “राधे–राधे” बोलने पर बच्चों को रोकने की कथित टिप्पणी पर करारा तंज था। शर्मा ने कहा कि सनातन संस्कृति किसी की बपौती नहीं, यह करोड़ों भारतवासियों की आस्था है और इसे दबाया नहीं जा सकता।
उन्होंने 2022 में कांग्रेस द्वारा किए गए वादों की याद दिलाते हुए जनता से सीधे सवाल किया —
“1500 रुपये महिलाओं को मिले? दूध की खरीद बढ़ी? युवाओं को नौकरी मिली?”
इस पर पूरा रैली मैदान एक स्वर में गूंज उठा — “कुछ नहीं मिला, कुछ नहीं मिला।”
श्रीकांत शर्मा ने कहा कि कांग्रेस सरकार बेईमान, झूठी और धोखेबाज़ है। इसने झूठे वादों के दम पर हिमाचल में सत्ता हासिल की। उन्होंने चेताया कि हिमाचल की जनता वादा–खिलाफी का हिसाब समय आने पर ब्याज समेत चुकाती है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि आपदा के समय मोदी सरकार ने हिमाचल को 5500 करोड़ रुपये की सहायता दी और 1500 करोड़ रुपये की अतिरिक्त घोषणा भी की। इसके बावजूद कांग्रेस नेताओं ने आपदा प्रभावितों के नाम पर राजनीति की। उन्होंने कहा कि एआई से बनाए गए प्रधानमंत्री के फर्जी वीडियो भले चर्चा में हों, लेकिन पूरा देश अपने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर गर्व करता है।
श्रीकांत शर्मा ने कहा कि एक चाय बेचने वाला प्रधानमंत्री आज देश का मान–सम्मान पूरी दुनिया में बढ़ा रहा है, सनातन संस्कृति का गौरव बढ़ा रहा है, जबकि कांग्रेस ने देश और हिमाचल को बेचने का काम किया।
उन्होंने कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व पर तीखा वार करते हुए कहा कि राहुल गांधी और सोनिया गांधी आज भी कथित घोटालों के मामलों में जमानत पर हैं, और जनता का पैसा नेशनल हेराल्ड के नाम पर हड़प लिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के नेताओं की राजनीति जनता के विश्वास के साथ विश्वासघात करने की राजनीति है।
श्रीकांत शर्मा ने कहा कि कांग्रेस के नेता जहां भी मिलें, “राधे–राधे” जरूर कहें, क्योंकि कांग्रेस सनातन विरोधी रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का मौजूदा नेतृत्व केवल परिवारवाद और चमचागिरी की राजनीति कर रहा है और मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू राहुल–प्रियंका गांधी की चाटुकारिता में प्रदेश का हित गिरवी रख चुके हैं।
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में घोषणा की कि 2027 में भाजपा बूथ–बूथ पर कांग्रेस की जमानत जब्त कर देगी। “राधे–राधे” बोलते हुए कांग्रेस का हिमाचल के हर बूथ से सुपड़ा साफ किया जाएगा।
अंत में उन्होंने ललकारते हुए कहा —
“कांग्रेस के नेता हिमाचल से दिल्ली तक कान खोलकर सुन लें — हिमाचल भाजपा का था, है और 2027 में भी भाजपा का ही रहेगा।”




