
IBEX NEWS,शिमला।
हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर मौसम ने करवट बदल ली है। सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से शिमला जिले के ऊपरी क्षेत्रों कुफरी, नारकंडा, खड़ापत्थर सहित चंबा, कुल्लू, लाहौल-स्पीति और किन्नौर में ताजा बर्फबारी दर्ज की गई, जबकि राज्य के अधिकांश हिस्सों में रविवार को बारिश हुई। मौसम विभाग ने आगामी दो दिनों तक प्रदेश के सात जिलों में बारिश और बर्फबारी का सिलसिला जारी रहने का पूर्वानुमान जारी किया है।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 2 और 3 फरवरी को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, किन्नौर और लाहौल-स्पीति जिलों में बारिश की संभावना है, जबकि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है। इसके चलते प्रदेश में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। ऊंचाई वाले इलाकों में तापमान शून्य से नीचे पहुंच गया है, जबकि मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी ठंड बढ़ गई है। अगले 24 से 48 घंटों के दौरान तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट आने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने बताया कि 4 और 5 फरवरी तक मौसम साफ रहने की संभावना है, हालांकि 5 फरवरी की रात से एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिससे 6 फरवरी को एक बार फिर प्रदेश में मौसम बिगड़ने के आसार हैं। प्रशासन ने लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी है।
तापमान में गिरावट
न्यूनतम तापमान शिमला में 3.6 डिग्री, सुंदरनगर 9.2, भुंतर 8.2, कल्पा -0.4, धर्मशाला 3.0, ऊना 7.5, नाहन 8.0, पालमपुर 6.0, सोलन 4.6, मनाली 0.8, कुकुमसेरी -3.1 और तबो में -3.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
बारिश और बर्फबारी का ब्यौरा
मनाली में 10.0 मिमी, सुजानपुर टीरा 7.8 मिमी, सराहन 7.3 मिमी, शिमला 4.2 मिमी, सोलन 3.4 मिमी सहित कई क्षेत्रों में बारिश दर्ज की गई। वहीं शिमला जिले के शिल्लारू और कोठी में 5.0 सेमी, कुफरी में 4.0 सेमी, गोंधला में 3.0 सेमी, सांगला में 2.1 सेमी और कल्पा में 0.8 सेमी बर्फबारी रिकॉर्ड की गई है।
प्रदेश में बदले मौसम से जहां ठंड बढ़ गई है, वहीं किसानों और बागवानों के लिए यह बर्फबारी और बारिश लाभकारी मानी जा रही है।




