
IBEX NEWS,शिमला
शिमला में सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक महिला और ट्रैफिक पुलिस कर्मी के बीच तीखी कहासुनी होती दिखाई दे रही है। यह घटना 03 अप्रैल 2026 की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, एक महिला और एक पुरुष अस्थायी नंबर वाली गाड़ी से बालूगंज की ओर जा रहे थे। इस दौरान उन्होंने घोड़ा अस्पताल के पास वाहन को सड़क पर ही खड़ा कर दिया और आजीविका भवन में बर्गर लेने चले गए। उस समय महिला वाहन में ही मौजूद थी।
गाड़ी के गलत तरीके से खड़े होने के कारण सड़क पर ट्रैफिक बाधित होने लगा। मौके पर तैनात ट्रैफिक पुलिस कर्मी ने महिला से वाहन हटाने को कहा, जिस पर महिला भड़क गई और पुलिस कर्मी के साथ तीखी बहस करने लगी। बताया जा रहा है कि महिला का व्यवहार काफी उग्र हो गया था।
हालांकि, बाद में महिला ने अपने व्यवहार पर खेद जताते हुए ट्रैफिक पुलिस कर्मी से लिखित में माफी मांगी और अपने आचरण को गलत एवं गैर-जिम्मेदाराना स्वीकार किया।
शिमला पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि शहर में ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए नियमों का पालन करें और पुलिस का सहयोग करें।



