
8 लाख की खेप हड़पकर फरार हुआ आरोपी पटियाला से गिरफ्तार, कोर्ट ने भेजा न्यायिक हिरासत में
IBEX NEWS,शिमला
जिला शिमला में फरार आरोपियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शिमला पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए वर्ष 2013 के चर्चित गबन मामले में लंबे समय से फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, माननीय न्यायालय LD-CJM शिमला द्वारा अभियोग संख्या 181/2013, दिनांक 15 अक्टूबर 2013, धारा 406, 407 एवं 120(B) भारतीय दंड संहिता के अंतर्गत आरोपी बलजींदर सिंह उर्फ सोनू, निवासी गांव बादशाहपुर, तहसील समाना, जिला पटियाला (पंजाब) के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था।
मामले में आरोपी को करीब 8 लाख रुपये मूल्य की सेब की खेप को गंतव्य तक पहुंचाने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। आरोप है कि उसने विश्वास का दुरुपयोग करते हुए उक्त माल को बीच रास्ते में ही बेच दिया और फरार हो गया। इसके बाद से आरोपी लगातार न्यायालय में पेश नहीं हो रहा था और गिरफ्तारी से बचता फिर रहा था।
शिमला पुलिस के निर्देश पर पुलिस थाना ढली की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी की तलाश शुरू की और उसे पकड़ने के लिए विशेष टीम को पटियाला (पंजाब) भेजा गया। सटीक सूचना एवं बेहतर समन्वय के आधार पर टीम ने 13 अप्रैल 2026 को आरोपी को पटियाला से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को माननीय न्यायालय LD-CJM शिमला के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे 17 अप्रैल 2026 तक न्यायिक हिरासत में सब जेल कैन्थू भेज दिया गया है।
पुलिस की इस कार्रवाई को लंबे समय से लंबित मामलों के निपटारे और फरार आरोपियों के खिलाफ सख्त रुख के रूप में देखा जा रहा है।



