
गुप्त सूचना पर विशेष सेल की नाकेबंदी सफल, किराये की टैक्सी में सवार आरोपी से 5.37 ग्राम हेरोइन बरामद
IBEX NEWS BUREAU,शिमला
जिला शिमला पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक और तस्कर को गिरफ्तार कर चिट्टे की सप्लाई पर करारा प्रहार किया है। पुलिस थाना वेस्ट शिमला में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के ताजा मामले में विशेष सेल की टीम ने संकट मोचन क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए चंडीगढ़ से शिमला लाई जा रही हेरोइन की खेप पकड़ी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 25 अप्रैल को विशेष सेल शिमला की टीम संकट मोचन क्षेत्र में गश्त एवं निगरानी ड्यूटी पर तैनात थी। इसी दौरान पुलिस को विश्वसनीय गुप्त सूचना मिली कि रितिक ठाकुर (26), निवासी गांव छिंद, डाकघर कुपवी, तहसील कुपवी, जिला शिमला, चंडीगढ़ से किराये की टैक्सी में शिमला पहुंच रहा है और उसके पास चिट्टा/हेरोइन हो सकती है।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल क्षेत्र में नाकेबंदी कर संदिग्ध टैक्सी को रोक लिया। नियमानुसार तलाशी लेने पर टैक्सी में सवार आरोपी रितिक ठाकुर के कब्जे से 5.37 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद हुई। बरामदगी के तुरंत बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर थाना वेस्ट शिमला में अभियोग संख्या 75/2026 के तहत धारा 21 एनडीपीएस अधिनियम में मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया।
प्रारंभिक जांच में पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी चंडीगढ़ से यह मादक पदार्थ किससे लेकर आया था और शिमला में इसे किसे सप्लाई किया जाना था। पुलिस को आशंका है कि आरोपी किसी बड़े नेटवर्क के लिए कैरियर के तौर पर काम कर रहा था। इसी एंगल से उसके मोबाइल संपर्क, यात्रा विवरण और आर्थिक लेन-देन की भी जांच की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी को आज माननीय न्यायालय में पेश किया जाएगा, जहां से पुलिस रिमांड लेकर मामले की गहन पूछताछ की संभावना है। शिमला पुलिस का कहना है कि नशा तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान लगातार जारी है और जिले में चिट्टे की सप्लाई करने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।



