
सुरक्षा के कड़े इंतजाम, आम जनता के लिए स्थायी ट्रैफिक प्रतिबंध नहीं
IBEX NEWS BUREAU,शिमला।
राष्ट्रपति के प्रस्तावित जिला शिमला दौरे को लेकर जिला पुलिस ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के व्यापक इंतजाम कर लिए हैं। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि दौरे के दौरान सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं ताकि कार्यक्रम पूरी तरह सुरक्षित, व्यवस्थित और सुचारु रूप से संपन्न हो सके।
जिला पुलिस के अनुसार केंद्रीय एवं राज्य सुरक्षा एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर पूरे दौरे के लिए मल्टी-लेयर सिक्योरिटी प्लान तैयार किया गया है। विभिन्न संवेदनशील स्थलों, मार्गों और कार्यक्रम स्थलों पर 1000 से अधिक पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है। एंटी-सैबोटाज जांच, प्रवेश नियंत्रण, सीसीटीवी निगरानी, रूट सुरक्षा तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए विशेष टीमें सक्रिय कर दी गई हैं।
पुलिस ने आम जनता, पर्यटकों और दैनिक यात्रियों को राहत देते हुए कहा है कि किसी भी प्रकार का स्थायी ट्रैफिक प्रतिबंध लागू नहीं किया गया है और लोग सामान्य रूप से यात्रा कर सकेंगे। हालांकि वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान कुछ चुनिंदा मार्गों पर अस्थायी यातायात नियंत्रण, वैकल्पिक मार्गों का उपयोग तथा सीमित समय के लिए वाहनों की आवाजाही रेगुलेट की जा सकती है। भारी वाहनों के लिए भी जरूरत पड़ने पर डाइवर्जन लागू किया जाएगा।
जिला पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे यात्रा पहले से योजना बनाकर करें, ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करें तथा चिन्हित मार्गों पर सड़क किनारे या अनधिकृत पार्किंग से बचें। एम्बुलेंस और अग्निशमन वाहनों को हर स्थिति में प्राथमिकता दी जाएगी।
इसके अलावा होटल, गेस्ट हाउस संचालकों को अपने आगंतुकों का रिकॉर्ड अद्यतन रखने, किरायेदारों व घरेलू सहायकों का सत्यापन सुनिश्चित करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को देने के निर्देश जारी किए गए हैं। सार्वजनिक स्थानों पर लावारिस सामान न छोड़ने और संदिग्ध वस्तु दिखाई देने पर तुरंत सूचना देने को कहा गया है। वहीं मार्गों के किनारे स्थित दुकानदारों और विक्रेताओं से भी सुरक्षा जांच में सहयोग करने तथा अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने की अपील की गई है।
जिला पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि राष्ट्रपति महोदया के दौरे के सफल संचालन के लिए सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। प्रशासन ने आमजन से सहयोग की अपेक्षा जताते हुए कहा है कि पुलिस एवं प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन कर इस महत्वपूर्ण दौरे को सफल बनाने में अपनी भूमिका निभाएं।



