
पुलिस जांच में नई गिरफ्तारी, तांत्या पार्किंग में झगड़ा करने पर चार युवकों पर भी निवारक कार्रवाई
IBEX NEWS BUREAU,शिमला, 11 जून:
पुलिस थाना संजौली में दर्ज बहुचर्चित मारपीट मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा दर्ज अभियोग संख्या 39/2026 में जांच के दौरान विक्रांत (36) पुत्र पृथ्वी सिंह, निवासी गांव हिवण, डाकघर रियोग, तहसील एवं थाना सुन्नी, जिला शिमला को 10 जून को नियमानुसार गिरफ्तार किया गया।
यह मामला पुलिस थाना संजौली में धारा 333, 115(2), 351(2), 191(2), 190, 324(4), 196(1) एवं 304 बीएनएस के तहत दर्ज है। पुलिस के अनुसार इस प्रकरण में पहले ही छह आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका था। ताजा गिरफ्तारी के बाद मामले में कुल गिरफ्तार आरोपियों की संख्या सात हो गई है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और अन्य पहलुओं की भी पड़ताल जारी है।
तांत्या पार्किंग में झगड़े पर चार युवक गिरफ्तार
उधर, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और शांति भंग करने वाले तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत संजौली पुलिस ने तांत्या पार्किंग क्षेत्र में झगड़ा कर रहे चार युवकों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस को 10 जून को सूचना मिली थी कि कुछ युवक दो अन्य युवकों के साथ मारपीट और झगड़ा कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संबंधित व्यक्तियों को हिरासत में ले लिया। प्रारंभिक जांच में क्षेत्र में शांति एवं सार्वजनिक व्यवस्था भंग होने की आशंका पाए जाने पर पुलिस ने धारा 126 एवं 170 बीएनएसएस के तहत निवारक कार्रवाई करते हुए चार युवकों को गिरफ्तार किया। सभी आरोपियों को नियमानुसार न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसी निवारक कार्रवाइयां आगे भी जारी रहेंगी।




