IBEX NEWS BUREAU,शिमला, 13 जून।
राजधानी शिमला के संजौली स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में शनिवार शाम एक सनसनीखेज हत्या की वारदात सामने आई। सरस्वती पैराडाइज स्कूल की संचालिका मीनाक्षी मित्तल की कुछ अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शाम करीब साढ़े सात बजे स्कूल परिसर के समीप अज्ञात हमलावरों ने मीनाक्षी मित्तल पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गोली लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने क्षेत्र को घेरकर साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही पूरे शिमला शहर में नाकेबंदी कर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की तलाश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, मामले में हत्या का अभियोग दर्ज किया जा रहा है और घटना के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का भी विश्लेषण किया जा रहा है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल हत्या के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के पीछे की वास्तविक वजह सामने आ पाएगी। पुलिस ने दावा किया है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।



