मानसून से पहले सुरक्षा कार्यों के लिए जिला प्रशासन का आदेश, तय समय पर ही खुलेगा राष्ट्रीय राजमार्ग
IBEX NEWS BUREAU,शिमला /रिकांगपिओ, 13 जून।
मानसून सीजन के दौरान भूस्खलन और चट्टानें गिरने की संभावित घटनाओं को देखते हुए जिला प्रशासन किन्नौर ने निगुलसरी और नाथपा के संवेदनशील क्षेत्रों में राष्ट्रीय राजमार्ग-05 (NH-05) पर यातायात के नियमन और अस्थायी बंदी के संबंध में आदेश जारी किए हैं। यह व्यवस्था 5 जुलाई 2026 तक प्रभावी रहेगी।
जिला दंडाधिकारी एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण किन्नौर डॉ. अमित कुमार शर्मा द्वारा जारी आदेशों के अनुसार, इन क्षेत्रों में ढलान स्थिरीकरण (Slope Stabilization), रॉकफॉल मिटिगेशन और अन्य सुरक्षा कार्य किए जाएंगे। इन कार्यों के सुरक्षित संचालन के लिए यातायात को निर्धारित समयानुसार नियंत्रित किया जाएगा।




दैनिक यातायात नियमन कार्यक्रम
बंद रहेगा:
- सुबह 5:30 बजे से 8:30 बजे तक
- सुबह 10:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक
- दोपहर 1:30 बजे से 3:30 बजे तक
- शाम 4:30 बजे से 5:30 बजे तक
खुला रहेगा:
- सुबह 8:30 बजे से 10:30 बजे तक
- दोपहर 12:30 बजे से 1:30 बजे तक
- दोपहर 3:30 बजे से 4:30 बजे तक
- शाम 5:00 बजे से अगले दिन सुबह 5:30 बजे तक
वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था
प्रशासन ने बताया कि आवश्यकता पड़ने पर चौरा-सोल्डिंग राइट बैंक वैकल्पिक सड़क का उपयोग यातायात डायवर्जन के लिए किया जाएगा। सड़क की स्थिति और यातायात दबाव के अनुसार व्यवस्था में समय-समय पर बदलाव भी किया जा सकता है।

आपातकालीन सेवाओं को मिलेगी प्राथमिकता
एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड, पुलिस और अन्य आपातकालीन सेवा वाहनों की आवाजाही को प्राथमिकता दी जाएगी। वहीं, पुलिस विभाग, एनएच विंग और कार्यदायी एजेंसी को यातायात प्रबंधन, सुरक्षा और जनसूचना के लिए समन्वय बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।
मौसम और परिस्थितियों के अनुसार बदल सकते हैं आदेश
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भारी वर्षा, भूस्खलन, आपात स्थिति या अन्य सुरक्षा कारणों से यातायात योजना में संशोधन किया जा सकता है। लोगों से यात्रा पर निकलने से पहले नवीनतम यातायात सूचना प्राप्त करने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।



