
झाकड़ी थाना क्षेत्र में पुलिस की कार्रवाई, एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
IBEX NEWS BUREAU,शिमला
जिला शिमला पुलिस द्वारा नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस चौकी सराहन (कैंप ज्यूरी) की टीम ने एक व्यक्ति को 6 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) सहित गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 13 जून को पुलिस चौकी सराहन (कैंप ज्यूरी) की टीम ज्यूरी स्थित जेपीएस स्कूल के समीप नाकाबंदी एवं वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक पिकअप वाहन को जांच के लिए रोका गया। तलाशी लेने पर वाहन चालक के कब्जे से करीब 6 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना झाकड़ी में अभियोग संख्या 50/2026 के तहत धारा 21 एनडीपीएस अधिनियम में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान दीपक राज (38) पुत्र मोती राम निवासी गांव जघोरी, डाकघर जघोरी, तहसील रामपुर, जिला शिमला के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी को नियमानुसार न्यायालय में पेश किया जाएगा। मामले की जांच जारी है तथा यह पता लगाया जा रहा है कि बरामद हेरोइन कहां से लाई गई थी और इसे किसे सप्लाई किया जाना था।




