
नाबालिग से दुष्कर्म के पॉक्सो मामले में आरोपी को 25 वर्ष का कठोर कारावास, अफीम तस्करी से जुड़े एनडीपीएस केस में 18 माह की जेल
IBEX NEWS BUREAU,शिमला, 14 जून।
जिला शिमला पुलिस की प्रभावी जांच और अदालत में मजबूत पैरवी के चलते दो अलग-अलग गंभीर मामलों में न्यायालय ने आरोपियों को दोषी ठहराते हुए सख्त सजा सुनाई है। एक मामले में नाबालिग से दुष्कर्म के दोषी को 25 वर्ष के कठोर कारावास की सजा मिली है, जबकि दूसरे मामले में अफीम तस्करी से जुड़े एनडीपीएस प्रकरण में आरोपी को 18 माह की जेल और जुर्माने से दंडित किया गया है। इन फैसलों को गंभीर अपराधों के खिलाफ पुलिस की बड़ी कानूनी सफलता माना जा रहा है।
पहले मामले में महिला पुलिस थाना एवं बाल संरक्षण इकाई (एफएमपीएस/बीसीएस) शिमला में दर्ज पॉक्सो मामले में आरोपी शंकर लाल को दोषी करार देते हुए फास्ट ट्रैक कोर्ट (रेप/पॉक्सो) ने 25 वर्ष के कठोर कारावास और 20 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई है।
वहीं वर्ष 2019 में ठियोग थाना में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के मामले में आरोपी सुरेश कुमार को विशेष सीबीआई न्यायालय ने दोषी करार देते हुए 18 माह के कठोर कारावास और 15 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई है।
जिला शिमला पुलिस ने कहा कि गंभीर अपराधों के मामलों में दोषियों को सजा दिलाने के लिए प्रभावी अन्वेषण और मजबूत अभियोजन की दिशा में प्रयास लगातार जारी रहेंगे।




