
लाहौल-स्पीति विधायक अनुराधा राणा के साथ किया दौरा, रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होने की जताई उम्मीद
IBEX NEWS BUREAU , शिमला 14 जून।
उप मुख्य सचेतक एवं शाहपुर के विधायक केवल सिंह पठानिया ने रविवार को लाहौल-स्पीति की विधायक अनुराधा राणा के साथ समुद्र तल से लगभग 16,040 फीट की ऊंचाई पर स्थित वारालाचा टॉप का दौरा कर क्षेत्र की पर्यटन संभावनाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि वारालाचा टॉप अपनी अद्वितीय प्राकृतिक सुंदरता, मनमोहक पर्वतीय दृश्यों और विशिष्ट भौगोलिक स्वरूप के कारण हिमाचल प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल होने की पूरी क्षमता रखता है।
केवल सिंह पठानिया ने कहा कि लाहौल-स्पीति का यह क्षेत्र साहसिक, प्रकृति एवं उच्च हिमालयी पर्यटन के लिए अत्यंत उपयुक्त है। यदि यहां आवश्यक आधारभूत सुविधाओं का विकास किया जाए तो यह देश-विदेश के पर्यटकों के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र बन सकता है। उन्होंने पर्यटकों की सुविधा के लिए बेहतर अवसंरचना, पार्किंग, विश्राम स्थलों, स्वच्छता सुविधाओं और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं के विकास की आवश्यकता पर बल दिया।
उन्होंने कहा कि वह मुख्यमंत्री के समक्ष वारालाचा टॉप को एक प्रमुख पर्यटन गंतव्य के रूप में विकसित करने का मामला प्रभावी ढंग से उठाएंगे। उनका कहना था कि पर्यटन क्षेत्र के विकास से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होंगे तथा क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
पठानिया ने कहा कि लाहौल-स्पीति सहित प्रदेश के दूरदराज पर्वतीय क्षेत्रों में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं, जिन्हें योजनाबद्ध तरीके से विकसित कर नई पहचान दी जा सकती है। इस अवसर पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को क्षेत्र की पर्यटन क्षमता का विस्तृत अध्ययन कर विकासात्मक प्रस्ताव तैयार करने तथा पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए पर्यटन सुविधाओं के विस्तार की दिशा में कार्य करने के निर्देश भी दिए।




