
भावानगर के समीप देर रात हुआ हादसा, जल शक्ति विभाग की पाइपलाइनें और भंडारण टैंक क्षतिग्रस्त; जनहानि नहीं
IBEX NEWS BUREAU,शिमला
किन्नौर जिले में मंगलवार देर रात प्रकृति ने अपना रौद्र रूप दिखाया, जब भावानगर के समीप काचरंग नाले में बादल फटने की घटना के बाद अचानक आई भीषण बाढ़ ने भारी तबाही मचा दी। तेज बहाव के चलते एक पैदल पुल पूरी तरह बह गया, जबकि क्षेत्र की कई पेयजल योजनाएं भी प्रभावित हो गईं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, देर रात बादल फटने से काचरंग नाले का जलस्तर अचानक बढ़ गया। देखते ही देखते नाले में उफान आ गया और तेज बहाव ने अपने रास्ते में आने वाले पैदल पुल को क्षणों में बहा दिया। बाढ़ के कारण जल शक्ति विभाग की कई पेयजल पाइपलाइनें क्षतिग्रस्त हो गईं, जिससे क्षेत्र की पेयजल आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका है।




इसके अलावा, जल शक्ति विभाग का एक महत्वपूर्ण पेयजल भंडारण टैंक भी बाढ़ की चपेट में आ गया, जिससे उसे आंशिक नुकसान पहुंचा है। विभागीय टीमें नुकसान का आकलन करने और बहाली कार्य शुरू करने में जुट गई हैं।
हालांकि इस प्राकृतिक आपदा में राहत की बात यह रही कि काचरंग गांव नाले से पर्याप्त दूरी पर स्थित है, जिसके कारण किसी प्रकार की जनहानि या बड़े स्तर पर संपत्ति नुकसान की सूचना नहीं है। बावजूद इसके, देर रात अचानक आई बाढ़ से क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया और लोग पूरी रात सतर्क रहे।
प्रशासन और संबंधित विभाग स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं तथा प्रभावित बुनियादी ढांचे की मरम्मत और पेयजल आपूर्ति बहाल करने के प्रयास शुरू कर दिए गए हैं।


