
IBEX NEWS BUREAU,शिमला
उपायुक्त किन्नौर डॉ अमित कुमार शर्मा ने आज यहां उपायुक्त कार्यालय परिसर के सम्मेलन कक्ष में राष्ट्रीय पोलियो अभियान के संदर्भ में बैठक की अध्यक्षता की।
डॉ अमित शर्मा ने बताया कि जनजातीय जिला किन्नौर में राष्ट्रीय पोलियो अभियान 28 जून 2026, (रविवार) को आयोजित किया जाएगा और 0 से 5 वर्ष तक के नौनिहालों को जिला में 101 पोलियो बूथों पर दवा पिलाई जाएगी और इस अभियान में 404 कर्मचारी नियुक्त किए गए हैं जिनमें 20 सुपरवाइजर तथा 8 मोबाइल टीमें शामिल हैं।
उपायुक्त किन्नौर ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा पोलियो अभियान में 4197 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य रखा गया है और इसे प्राप्त करने के लिए पुलिस, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, आयुष विभाग व राज्य पद परिवहन निगम को बेहतर समन्वय स्थापित करने पर बल दिया ताकि बच्चों को पोलियो की खुराक दी जा सके।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी किन्नौर डॉ सुधीर सिंह नेगी ने बताया कि प्रवेश द्वार चौरा व अकपा में ट्रांजिट बूथ स्थापित किए जाएंगे जो राज्य परिवहन निगम की बसों में सफर कर रहे पात्र बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई जाएगी। इसके अतिरिक्त, पोलियो अभियान के पश्चात स्वास्थ्य विभाग की टीमें दो दिन घर-घर जाकर पात्र बच्चों को पोलियो की दवाई पिलाई जाएगी ताकि उन्हें सुरक्षा कवच प्राप्त हो सके।
बैठक में पुलिस उप अधीक्षक उमेश्वर राणा, जिला आयुष अधिकारी डॉ प्रवीण शर्मा, जिला कार्यक्रम अधिकारी जय कुमार गुप्ता, खंड चिकित्सा अधिकारी पूह डॉ राकेश गोयल, खंड चिकित्सा अधिकारी सांगला डॉ वेंकट नेगी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

