
40 तोला सोना और 250 ग्राम चांदी लेकर फरार हुई थीं आरोपी, CCTV और तकनीकी जांच से पुलिस ने दबोचा
IBEX NEWS BUREAU,शिमला, 1 जुलाई। शिमला पुलिस ने लोअर बाजार में हुई करोड़ों की नहीं, लेकिन लाखों की चर्चित ज्वेलरी चोरी का महज तीन दिनों में पर्दाफाश कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने चोरी हुए करीब 40 तोला सोने और 250 ग्राम चांदी के आभूषण शत-प्रतिशत बरामद करते हुए पंजाब की दो महिला आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, 25 जून 2026 को जिला शिमला के निवासी खुब सिंह ठाकुर ने पुलिस थाना सदर में शिकायत दर्ज करवाई थी कि लोअर बाजार में खरीदारी के दौरान अज्ञात महिलाओं ने उनके स्लिंग बैग से बहुमूल्य आभूषण चोरी कर लिए। चोरी हुई संपत्ति की कीमत 45 से 50 लाख रुपये आंकी गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया। टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली तथा तकनीकी साक्ष्यों और साइबर सेल की मदद से आरोपियों की पहचान की।
पुलिस को चकमा देने के लिए बदला लंबा रूट
जांच में सामने आया कि आरोपी पुलिस की नजरों से बचने के लिए सीधे पंजाब नहीं गए। उन्होंने अपनी गाड़ी को नारकंडा, लुहरी, कींगल, कुल्लू, मंडी और बिलासपुर होते हुए पंजाब की ओर मोड़ा, ताकि शिमला और अन्य बॉर्डर क्षेत्रों में पुलिस उन्हें ट्रेस न कर सके।
हालांकि तकनीकी निगरानी और लगातार पीछा करने के बाद पुलिस टीम ने 28 जून को पंजाब में दबिश देकर दोनों महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया।
ये हैं गिरफ्तार आरोपी
- चन्द्रवती (39 वर्ष) पत्नी बबलू, निवासी पटियाला, पंजाब
- रेखा (40 वर्ष) पत्नी श्याम, निवासी राजपुरा, जिला पटियाला, पंजाब
पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से शिकायतकर्ता के सभी चोरी हुए आभूषण बरामद कर लिए हैं। बरामदगी में करीब 40 तोला सोने के गहने और 250 ग्राम चांदी के आभूषण शामिल हैं।
2 जुलाई तक पुलिस रिमांड
गिरफ्तार महिलाओं को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें 2 जुलाई 2026 तक पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपी किसी संगठित गिरोह से जुड़े हैं या नहीं तथा उनके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी पड़ताल की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने इस सफलता का श्रेय त्वरित कार्रवाई, तकनीकी जांच, साइबर विश्लेषण और टीमवर्क को दिया है।


