
सरकार ने जारी किए तबादला और पदस्थापना आदेश, प्रशासनिक व्यवस्था में नई हलचल
IBEX NEWS BUREAU शिमला, 1 जुलाई।
हिमाचल प्रदेश सरकार ने प्रशासनिक तंत्र में महत्वपूर्ण फेरबदल करते हुए HPAS और HPSS अधिकारियों के तबादला एवं नई तैनाती आदेश जारी किए हैं। कार्मिक विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार ये आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होंगे।
सबसे प्रमुख नियुक्ति में डॉ. स्वाति गुप्ता (HPAS-2019) को प्रशासनिक सुधार विभाग में संयुक्त सचिव के साथ-साथ प्रशिक्षण, विदेशी नियुक्ति एवं सैनिक कल्याण विभाग के संयुक्त सचिव का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है।

वहीं प्रमिला शर्मा (HPSS) को अब केवल सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) में अवर सचिव के रूप में कार्य करना होगा। उनसे सैनिक कल्याण विभाग का अतिरिक्त प्रभार वापस ले लिया गया है।
सरकार ने सुख राम (HPSS) को बड़ा दायित्व देते हुए अवर सचिव (टाउन एंड कंट्री प्लानिंग) के साथ-साथ डिजिटल टेक्नोलॉजीज एवं गवर्नेंस विभाग का अतिरिक्त कार्यभार भी सौंपा है। इसके चलते यह जिम्मेदारी रंजना शर्मा से वापस ली गई है।
इसके अलावा मोनिका सूद (HPSS) को पदोन्नति के बाद अवर सचिव (शिक्षा) नियुक्त किया गया है, जबकि प्रवीण कुमार (HPSS) को पदोन्नत कर अवर सचिव (ग्रामीण विकास) बनाया गया है। उन्हें ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री कार्यालय के कार्यों की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है।
सरकार के इस फैसले को प्रशासनिक कार्यों में बेहतर समन्वय और दक्षता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


