
IBEX NEWS BUREAU,शिमला/किन्नौर। हिमाचल प्रदेश में जनजातीय जिला किन्नौर की लिप्पा पंचायत के पेजर नाले में वीरवार सुबह आई भीषण बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है। बाढ़ के कारण तेती खड्ड का बहाव रुक गया और लिप्पा गांव को जोड़ने वाला करीब 100 फीट लंबा लोहे का पुल पूरी तरह जलमग्न और असुरक्षित हो गया। भारी बारिश से नाले उफान पर हैं, इस कारण लोग सहमे हुए हैं।जिले के लिप्पा क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के बीच पेजर खड्ड में अचानक आई बाढ़ से भारी मात्रा में मिट्टी, पत्थर और मलबा बहकर आ गया। इससे खड्ड किनारे बने कई मकानों तथा गांव को जोड़ने वाले पुल की सुरक्षा पर खतरा उत्पन्न हो गया है।
सूचना मिलते ही आसरंग-लिप्पा क्षेत्र से बीडीसी सदस्य शशि नेगी मौके पर पहुंचे और प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि बाढ़ के साथ आए मलबे से पुल की संरक्षा पर गंभीर असर पड़ा है। यदि बारिश का दौर जारी रहा तो पुल को नुकसान पहुंचने या बहने का खतरा बढ़ सकता है।
उन्होंने प्रशासन से प्रभावित क्षेत्र का शीघ्र निरीक्षण कर आवश्यक सुरक्षा उपाय करने का आग्रह किया, ताकि जनहानि और संपत्ति के नुकसान से बचा जा सके।
स्थानीय लोगों ने बताया कि मानसून के दौरान पेजर खड्ड का जलस्तर तेजी से बढ़ जाता है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल मलबा हटाने और पुल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति पर नजर रखी जा रही है।


