
लगातार बारिश से सतलुज घाटी में बढ़ा संकट, प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर पुल सील किया
IBEX NEWS BUREAU,शिमला
किन्नौर जिले में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। सांगला वैली को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण सांगला वैली ब्रिज पर बड़ा खतरा मंडरा गया है। लगातार बारिश के चलते पुल के एबटमेंट (पुल के आधार) के नीचे भारी कटाव होने से उसका बड़ा हिस्सा धंस गया है, जिससे पुल की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन पुल पर सभी प्रकार की आवाजाही तत्काल प्रभाव से बंद कर दी है। मौके पर पुलिस और प्रशासन की टीमें तैनात कर दी गई हैं तथा लोगों से पुल के आसपास न जाने की अपील की गई है।
भारी बारिश के कारण क्षेत्र में नदी-नालों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है और भूस्खलन की घटनाएं भी सामने आ रही हैं। पुल के नीचे हुए कटाव ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है, क्योंकि यह पुल सांगला घाटी के लिए एक महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है।
प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। विशेषज्ञों द्वारा पुल का तकनीकी निरीक्षण किया जा रहा है और सुरक्षा मानकों के अनुरूप आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। फिलहाल पुल से वाहनों और पैदल आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित कर दी गई है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे मौसम विभाग की एडवाइजरी का पालन करें, अनावश्यक यात्रा से बचें और किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करें। लगातार हो रही बारिश के चलते आने वाले घंटों में स्थिति और चुनौतीपूर्ण हो सकती है।


