
सेवानिवृत्त जीएम के.सी. चौहान, पूर्व बीडीसी सदस्य लक्ष्मी दास सहित कई जनप्रतिनिधियों ने थामा कांग्रेस का दामन
IBEX NEWS BUREAU,शिमला, 10 जुलाई।
शिमला ग्रामीण जिला कांग्रेस कमेटी के संगठन विस्तार अभियान के तहत शुक्रवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में भाजपा के कई सक्रिय कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। जिला कांग्रेस अध्यक्ष हरिकृष्ण हिमराल की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में करीब 50 कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस का हाथ थामते हुए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार के नेतृत्व में विश्वास जताया।
कांग्रेस में शामिल होने वाले प्रमुख लोगों में रोहड़ू से एचआरटीसी के सेवानिवृत्त महाप्रबंधक (जीएम) के.सी. चौहान, शिमला ग्रामीण से पूर्व बीडीसी सदस्य लक्ष्मी दास, वार्ड सदस्य जय लाल नेगी, वार्ड सदस्य करिश्मा शर्मा सहित उनके समर्थक शामिल रहे। सभी ने कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में कांग्रेस संगठन को मजबूत करने के लिए सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार नरेश चौहान, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संगठन महासचिव विनोद जिंटा, कांग्रेस उपाध्यक्ष अमित नंदा, सोनिया चौहान, प्रधान जितेंद्र ठाकुर, पवन कुमार, कुलदीप ठाकुर सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
संगठन महासचिव विनोद जिंटा ने कहा कि संगठन विस्तार अभियान के तहत प्रदेशभर में लगातार नए कार्यकर्ता कांग्रेस से जुड़ रहे हैं, जिससे पार्टी का जनाधार मजबूत हो रहा है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक दिन बड़ी संख्या में लोग कांग्रेस की नीतियों और सरकार के निर्णयों से प्रभावित होकर पार्टी में शामिल हो रहे हैं।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष हरिकृष्ण हिमराल ने नव-शामिल कार्यकर्ताओं का स्वागत करते हुए कहा कि संगठन में शामिल होने वाले सभी कार्यकर्ताओं को उचित सम्मान और जिम्मेदारी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि इन नए साथियों के जुड़ने से शिमला ग्रामीण सहित संबंधित क्षेत्रों में कांग्रेस संगठन और अधिक मजबूत होगा तथा पार्टी का विस्तार और प्रभाव बढ़ेगा।


