
विभागीय अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण विकास कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश, कहा—जनहित के कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी
IBEX NEWS BUREAU , 10 जुलाई।
लाहौल-स्पीति की विधायक अनुराधा राणा ने शुक्रवार को ग्राम पंचायत गौंधला के अंतर्गत आने वाले टिलिंग, खिनांग, पुरद, गौंधला-1, गौंधला-2, फुक्तल, यांगला, थौरंग और दालंग गांवों का विभागीय अधिकारियों के साथ दौरा कर विकास कार्यों और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया।
दौरे के दौरान विधायक ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं, सुझाव और विकास संबंधी मांगें सुनीं। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


विधायक अनुराधा राणा ने क्षेत्र में चल रही विभिन्न विकास परियोजनाओं का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों से निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी विकास कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर और गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के संतुलित एवं समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है तथा प्रत्येक गांव तक आधारभूत सुविधाएं पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों की जनहित से जुड़ी प्रत्येक जायज मांग पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई की जाएगी। विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी विभाग जवाबदेही के साथ कार्य करें।
दौरे के दौरान ग्रामीणों ने क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने और पूर्व में उठाई गई मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई के लिए विधायक अनुराधा राणा का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य एवं महिला ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष निर्मला, जिला परिषद सदस्य सोनम ठाकुर, ग्राम पंचायत गौंधला के प्रधान अनिल, पूर्व प्रधान सुरेश, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष रमेश, राजेंद्र ठाकुर, अमीर चंद, उमेश, राकेश, प्रेमचंद, अजय, देवदत्त, विनोद, नेहा नलवा, रोशन, सोनम अंगरूप, रणवीर, लाल सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।


