
कार्मिक विभाग का अतिरिक्त प्रभार बरकरार, सरकार ने कई वरिष्ठ अधिकारियों को सौंपी नई जिम्मेदारियां
IBEX NEWS BUREAU,शिमला, 10 जुलाई। हिमाचल प्रदेश सरकार ने शुक्रवार को राज्य के प्रशासनिक ढांचे में बड़ा फेरबदल करते हुए 17 भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारियों के तबादला एवं नई नियुक्तियों के आदेश जारी किए हैं। इस फेरबदल में सबसे अहम बदलाव 1993 बैच की वरिष्ठ आईएएस अधिकारी एवं प्रधान सचिव (स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण) एम. सुधा देवी से जुड़ा है। सरकार ने उन्हें वन एवं उद्योग विभाग की प्रधान सचिव नियुक्त किया है। साथ ही वे कार्मिक विभाग (Personnel) का अतिरिक्त प्रभार पहले की तरह संभालती रहेंगी। इस बदलाव के साथ मुख्य सचिव कमलेश कुमार पंत को वन विभाग के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर दिया गया है।
कार्मिक विभाग (नियुक्ति-1) द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार यह फेरबदल सिविल सर्विसेज बोर्ड की सिफारिशों पर किया गया है और सभी आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होंगे।
फेरबदल के तहत अतिरिक्त मुख्य सचिव (जनजातीय विकास) ओंकार चंद शर्मा को परिवहन विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वहीं रावथेर दाऊद नजीम को गृह एवं सतर्कता तथा एमपीपी, पावर एवं एनसीईएस विभागों का अतिरिक्त मुख्य सचिव नियुक्त किया गया है।
प्रधान सचिव देवेश कुमार अब वित्त, योजना, अर्थशास्त्र एवं सांख्यिकी तथा 20 सूत्रीय कार्यक्रम विभागों का कार्य देखेंगे। उन्हें पशुपालन विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है, जबकि वे लोक निर्माण विभाग (PWD) का अतिरिक्त कार्यभार भी संभालते रहेंगे।
इसके अलावा प्रियंका बसु इंटी को खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है, जबकि अशीष सिंहमार को स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सरकार ने डॉ. यूनुस को सचिव (राज्य कर एवं आबकारी), संदीप कुमार को सचिव (पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन), डॉ. अश्वनी कुमार शर्मा को आयुक्त, राज्य कर एवं आबकारी, तथा डॉ. मधु चौधरी को विशेष सचिव (स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण) नियुक्त किया है। डॉ. मधु चौधरी को राष्ट्रीय स्वास्थ्य बीमा योजना (RSBY) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।



अन्य आदेशों के तहत विवेक चंदेल को नगर निगम बद्दी का आयुक्त, अभिषेक कुमार गर्ग को हिमाचल प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास निगम (HPSIDC) का प्रबंध निदेशक तथा गुरसिमर सिंह को तकनीकी शिक्षा विभाग का निदेशक नियुक्त किया गया है। गुरसिमर सिंह को एचपी कौशल विकास निगम के प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त दायित्व भी सौंपा गया है।
सरकार का कहना है कि यह प्रशासनिक फेरबदल विभिन्न विभागों में बेहतर समन्वय, प्रशासनिक दक्षता और सुशासन को मजबूत करने के उद्देश्य से किया गया है। सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से अपने नए दायित्व संभालने के निर्देश दिए गए हैं।

