
नगर निगम शिमला, एचपी यूनिवर्सिटी, HIMFED समेत कई अहम विभागों में नई तैनातियां; आदेश तत्काल प्रभाव से लागू
IBEX NEWS BUREAU,शिमला, 10 जुलाई। हिमाचल प्रदेश सरकार ने राज्य प्रशासन में बड़ा फेरबदल करते हुए 22 हिमाचल प्रशासनिक सेवा (HPAS) अधिकारियों के तबादला एवं नियुक्ति आदेश जारी किए हैं। कार्मिक विभाग (नियुक्ति-IV) द्वारा शुक्रवार को जारी अधिसूचना के अनुसार सभी आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होंगे।
इस प्रशासनिक फेरबदल में मुख्यमंत्री कार्यालय, नगर निगम शिमला, हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय, हिमफेड, चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान, आयुष, युवा सेवाएं एवं खेल, परिवहन तथा विभिन्न उपमंडलों के प्रशासनिक पदों पर अधिकारियों की नई तैनाती की गई है।



सबसे प्रमुख बदलावों में सचिन कंवल (HPAS-2009) को मुख्यमंत्री के अतिरिक्त सचिव पद से नगर निगम शिमला का आयुक्त नियुक्त किया गया है। वहीं, नगर निगम शिमला के आयुक्त भूपेंद्र कुमार (HPAS-2009) को हिमाचल प्रदेश जनरल इंडस्ट्रीज कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPGICL) का प्रबंध निदेशक बनाया गया है।
ज्ञान सागर नेगी (HPAS-2011) को अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (प्रोटोकॉल), शिमला नियुक्त किया गया है, जबकि ज्योति राणा (HPAS-2012) अब हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय, शिमला की रजिस्ट्रार होंगी। डॉ. ललित राम वर्मा (HPAS-2012) को हिमफेड का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है।
सरकार ने विकास शुक्ला (HPAS-2013) को नगर निगम हमीरपुर का अतिरिक्त आयुक्त, सनी शर्मा (HPAS-2014) को एसडीएम (शिमला अर्बन) तथा विश्व मोहन देव चौहान (HPAS-2019) को एसडीएम कुपवी नियुक्त किया है।
चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान विभाग में भी बदलाव किए गए हैं। योगेश चौहान (HPAS-2016) को अतिरिक्त निदेशक, डॉ. पूनम (HPAS-2017) को डॉ. वाई.एस. परमार मेडिकल कॉलेज, नाहन में अतिरिक्त निदेशक तथा मुनीश कुमार शर्मा (HPAS-2020) को संयुक्त निदेशक, चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा ओशिन (HPAS-2021) को संयुक्त निदेशक, आयुष, मोहन लाल (HPAS-2023) को क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (RTO), शिमला, कपिल तोमर (HPAS-2023) को संयुक्त निदेशक, युवा सेवाएं एवं खेल विभाग, राज कुमार-II (HPAS-2023) को एसडीएम बिलासपुर, पद्मा छोडन (HPAS-2023) को एसडीएम उदयपुर (लाहौल-स्पीति), नीरजा शर्मा (HPAS-2024) को एसडीएम सोलन तथा अलिशा चौहान (HPAS-2025) को एसडीएम करसोग नियुक्त किया गया है।
अधिसूचना के अनुसार जिन अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, उन्हें तत्काल प्रभाव से अपने-अपने नए पदों का कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। सरकार का यह प्रशासनिक फेरबदल विभिन्न विभागों और जिला प्रशासन में कार्यकुशलता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

