
लगातार बारिश से बढ़ा खतरा, प्रशासन सतर्क; संवेदनशील क्षेत्रों से दूर रहने की अपील
IBEX NEWS BUREAU,शिमला, 11 जुलाई।
राजधानी शिमला में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच शनिवार को भूस्खलन की दो घटनाओं ने दहशत का माहौल पैदा कर दिया। पहली घटना मोहल रझाना में हुई, जहां पहाड़ी से भारी मात्रा में चट्टानें, बोल्डर और मलबा सड़क किनारे आ गिरा। इस हादसे में वहां खड़े दो वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और मलबे में आंशिक रूप से दब गए। गनीमत रही कि घटना के समय वाहनों में कोई सवार नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, लगातार हो रही बारिश के कारण पहाड़ी का बड़ा हिस्सा दरक गया, जिससे भारी मात्रा में पत्थर और मलबा नीचे आ गिरा। घटना के बाद स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई और प्रशासन को इसकी सूचना दी गई। मौके पर राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है तथा प्रभावित क्षेत्र का आकलन किया जा रहा है।
इधर, संजौली कॉलेज के समीप स्थित पहाड़ी से भी भूस्खलन की सूचना मिली है। पहाड़ी से मलबा और पत्थर गिरने के कारण आसपास के क्षेत्र में खतरा बढ़ गया है। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और सुरक्षा के मद्देनजर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।


लगातार बारिश के चलते शिमला और आसपास के इलाकों में भूस्खलन की घटनाएं बढ़ रही हैं। प्रशासन ने लोगों से संवेदनशील क्षेत्रों में अनावश्यक आवाजाही से बचने तथा मौसम विभाग की एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है।




