
18 से 28 वर्ष तक के अभ्यर्थी कर सकेंगे आवेदन, आरक्षण के अनुसार तय हुई आयु और शारीरिक योग्यता
IBEX NEWS BUREAU,शिमला । हिमाचल प्रदेश पुलिस विभाग में 491 पुरुष कांस्टेबल पदों पर नियमित भर्ती की जाएगी। भर्ती प्रक्रिया के तहत सामान्य, एससी, एसटी, ओबीसी, ईडब्ल्यूएस और होमगार्ड सहित विभिन्न वर्गों के लिए पद निर्धारित किए गए हैं। चयनित अभ्यर्थियों को पे लेवल-3 (₹20,200–64,000) के वेतनमान में नियुक्ति दी जाएगी।

भर्ती अधिसूचना के अनुसार सामान्य वर्ग के लिए 187, एससी के लिए 122, ओबीसी के लिए 102, ईडब्ल्यूएस के लिए 57 तथा एसटी वर्ग के लिए 23 पद निर्धारित किए गए हैं। इन पदों में होमगार्ड, वॉर्ड ऑफ एक्स-सर्विसमैन, बीपीएल और वूमेन फ्रीडम फाइटर (WFF) श्रेणियों का भी प्रावधान किया गया है।
शैक्षणिक योग्यता के तहत अभ्यर्थी का किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से +2 उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। साथ ही सामान्यतः अभ्यर्थी ने मैट्रिक और +2 की परीक्षा हिमाचल प्रदेश के संस्थान/बोर्ड से उत्तीर्ण की हो, हालांकि यह शर्त बोनाफाइड हिमाचली अभ्यर्थियों पर लागू नहीं होगी।
आयु सीमा 1 जनवरी 2026 के आधार पर तय की गई है। सामान्य एवं ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए आयु 18 से 25 वर्ष, जबकि एससी, एसटी और ओबीसी वर्ग के लिए 18 से 27 वर्ष निर्धारित है। होमगार्ड अभ्यर्थियों के लिए आयु सीमा 20 से 28 वर्ष रखी गई है।
शारीरिक मापदंडों में सामान्य, ईडब्ल्यूएस, ओबीसी और होमगार्ड (सामान्य/ओबीसी/ईडब्ल्यूएस) के पुरुष अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम 5 फीट 6 इंच लंबाई तथा 31–32 इंच सीना निर्धारित किया गया है। वहीं एससी, एसटी एवं गोरखा वर्ग के लिए न्यूनतम लंबाई 5 फीट 4 इंच तथा 29–30 इंच सीना अनिवार्य होगा।
भर्ती प्रक्रिया में केवल वे अभ्यर्थी शामिल हो सकेंगे जो निर्धारित शैक्षणिक एवं शारीरिक मानकों को पूरा करेंगे। दस्तावेजों के सत्यापन के दौरान किसी भी प्रकार की त्रुटि पाए जाने पर अभ्यर्थिता रद्द की जा सकती है।


