
अब कुल 58 पदों पर होगी भर्ती, 11 से 25 जुलाई तक फिर से होंगे ऑनलाइन आवेदन
IBEX NEWS BUREAU,शिमला हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (HPRCA), हमीरपुर ने रेडियोग्राफर (जॉब ट्रेनी) भर्ती (पोस्ट कोड-26009) के लिए महत्वपूर्ण संशोधन (Addendum) जारी किया है। आयोग ने 30 अतिरिक्त पद जोड़ते हुए ऑनलाइन आवेदन पोर्टल को 11 जुलाई 2026 सुबह 10 बजे से 25 जुलाई 2026 रात 11:59 बजे तक दोबारा खोलने का निर्णय लिया है।
आयोग के अनुसार, पहले विज्ञापन संख्या 04/2026 के तहत 10 पद और बाद में 18 अतिरिक्त पद जोड़े गए थे। अब चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान निदेशालय से 30 नए पदों की मांग मिलने के बाद इन्हें भी भर्ती प्रक्रिया में शामिल कर लिया गया है।

अब स्वास्थ्य सेवाएं विभाग में 23 तथा चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान विभाग में 35, यानी कुल 58 पदों पर भर्ती होगी।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि जिन अभ्यर्थियों ने पहले ही पोस्ट कोड-26009 के लिए आवेदन कर रखा है, उन्हें दोबारा आवेदन करने की आवश्यकता नहीं है। नए अभ्यर्थी निर्धारित अवधि के दौरान आवेदन कर सकते हैं। नए आवेदकों के लिए पात्रता निर्धारित करने की कट-ऑफ तिथि 25 जुलाई 2026 रहेगी।


