
HPRCA ने 11 से 25 जुलाई तक आवेदन पोर्टल दोबारा खोला, पुराने अभ्यर्थियों को दोबारा आवेदन की जरूरत नहीं
IBEX NEWS BUREAU,शिमला
हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (HPRCA), हमीरपुर ने ऑपरेशन थिएटर असिस्टेंट (जॉब ट्रेनी) भर्ती (पोस्ट कोड-26008) के लिए बड़ा संशोधन जारी किया है। आयोग ने भर्ती में 60 अतिरिक्त पद शामिल करते हुए ऑनलाइन आवेदन पोर्टल को 11 जुलाई 2026 सुबह 10 बजे से 25 जुलाई 2026 रात 11:59 बजे तक पुनः खोलने का निर्णय लिया है।

आयोग के अनुसार, विज्ञापन संख्या 04/2026 के तहत पहले 176 पद विज्ञापित किए गए थे। अब चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान विभाग की अतिरिक्त मांग पर 60 नए पद जोड़े गए हैं। इसके बाद इस भर्ती में कुल पदों की संख्या बढ़कर 236 हो गई है।
संशोधित पदों के अनुसार स्वास्थ्य सेवाएं विभाग में 145 तथा चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान विभाग में 91 पद भरे जाएंगे।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि जिन अभ्यर्थियों ने पहले ही पोस्ट कोड-26008 के लिए आवेदन किया है, उन्हें दोबारा आवेदन करने की आवश्यकता नहीं है। नए इच्छुक अभ्यर्थी 11 से 25 जुलाई के बीच ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
भर्ती की अन्य सभी शर्तें एवं नियम पूर्व में जारी विज्ञापन के अनुसार यथावत रहेंगे। नए अभ्यर्थियों के लिए पात्रता निर्धारित करने की कट-ऑफ तिथि 25 जुलाई 2026 तय की गई है।


