
IBEX NEWS BUREAU,शिमला।
देश-विदेश में अपनी प्रस्तुतियों से हिमाचल पुलिस का नाम रोशन करने वाले ‘हारमनी ऑफ द पाइंस’ के प्रभारी विजय कुमार को हिमाचल पुलिस मुख्यालय ने निलंबित कर दिया है। उनके खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है। आरोप है कि उन्होंने अपने फेसबुक और इंस्टाग्राम अकाउंट के माध्यम से आय अर्जित की।
पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी आदेशों के अनुसार, विजय कुमार के विरुद्ध सेंट्रल सिविल सर्विसेज (क्लासिफिकेशन, कंट्रोल एंड अपील) रूल्स, 1965 के तहत कार्रवाई की गई है। मामले की जांच पुलिस लाइन भराड़ी के डीएसपी कमल किशोर को सौंपी गई है। जांच अधिकारी को तीन माह के भीतर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
गौरतलब है कि ‘हारमनी ऑफ द पाइंस – हिमाचल पुलिस ऑर्केस्ट्रा’ वर्ष 2022 में निजी टीवी चैनल के टैलेंट शो हुनरबाज में देशभर में तीसरे स्थान पर रहा था, जिसके बाद इस बैंड को राष्ट्रीय स्तर पर व्यापक पहचान मिली। बैंड फ्रांस, इटली, कनाडा, सिंगापुर और दुबई सहित कई देशों में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दे चुका है तथा प्रदेश के प्रमुख सरकारी और सार्वजनिक आयोजनों का आकर्षण रहा है। जानकारी के अनुसार, इन कार्यक्रमों से प्राप्त आय पुलिस वेलफेयर फंड में जमा कराई जाती रही है।
पूर्व डीजीपी संजय कुंडू के कार्यकाल में इस बैंड को विशेष प्रोत्साहन मिला था और इसे राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय मंचों पर प्रदर्शन के कई अवसर मिले। ऐसे में अब इसी बैंड के प्रभारी के निलंबन और विभागीय जांच की कार्रवाई ने पुलिस महकमे में नई चर्चा छेड़ दी है।


