
प्रशासन ने मृतक के परिजनों को 20 हजार रुपये की फौरी राहत जारी की
PWD मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने जताया शोक, प्रशासन और अस्पताल को दिए सख्त निर्देश
IBEX NEWS BUREAU,रामपुर बुशहर/शिमला।
जिला शिमला के रामपुर उपमंडल में बुधवार देर शाम एक दुखद सड़क दुर्घटना में दो लोगों की मृत्यु हो गई, जबकि कई अन्य यात्री घायल हो गए। दुर्घटना शाम लगभग 6:30 बजे उस समय हुई, जब रामपुर–खड़ाहण–कोटाधार–खोलीघाट मार्ग पर चल रही हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की बस (एचपी 06ए 6454) गरटोला नामक स्थान के समीप अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस में लगभग 22 यात्री सवार थे। हादसे में बस के परिचालक जय प्रकाश नेगी, निवासी गांव घड़ोली, डाकघर खुनी, तहसील ननखड़ी तथा 72 वर्षीय डाकू राम पुत्र कालूराम, निवासी गांव शाहदू, तहसील ननखड़ी की मौके पर ही मृत्यु हो गई।
उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की है। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा राहत नियमों के तहत स्थानीय मृतक के परिजनों को -20 हजार रुपये की फौरी राहत राशि तत्काल जारी कर दी गई है। अन्य मृतक की रिपोर्ट आने के तुरंत बाद फौरी राहत जारी की जाएगी।
उन्होंने कहा कि दुर्घटना में घायल सभी यात्रियों को उपचार के लिए महात्मा गांधी सेवा चिकित्सा परिसर, खनेरी (रामपुर) लाया जा रहा है, जहां चिकित्सकों की टीम द्वारा उनका प्राथमिक उपचार एवं आवश्यक चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
उपायुक्त ने बताया कि प्रशासन की टीम घटनास्थल पर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई है। वहीं, एसडीएम रामपुर हर्ष अमरेंद्र नेगी अस्पताल में मौजूद रहकर उपचार एवं राहत कार्यों की निगरानी कर रहे हैं, ताकि घायलों को समय पर हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
जिला प्रशासन ने कहा है कि दुर्घटना से प्रभावित परिवारों और घायलों को हरसंभव सहायता प्रदान की जाएगी।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच चुके हैं और युद्ध स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। घायलों को तुरंत रेस्क्यू कर महात्मा गांधी सेवा चिकित्सा परिसर (खनेरी अस्पताल, रामपुर) पहुंचाया गया है।
बुधवार शाम हुए दर्दनाक एचआरटीसी (HRTC) बस हादसे पर प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने गहरा शोक व्यक्त किया है। हादसे में कई यात्रियों की मृत्यु की सूचना पर उन्होंने इसे अत्यंत दुखद और हृदयविदारक घटना बताते हुए दिवंगतों की आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिवारों को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।
मंत्री ने कहा कि हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस तथा लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों को तत्काल राहत एवं बचाव अभियान में तेजी लाने के निर्देश जारी किए गए हैं। उन्होंने प्रभावित क्षेत्र में सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने और राहत कार्य में किसी भी प्रकार की ढिलाई न बरतने के निर्देश दिए हैं।

विक्रमादित्य सिंह ने बताया कि दुर्घटना में घायल सभी यात्रियों को उपचार के लिए महात्मा गांधी सेवा चिकित्सा परिसर (खनेरी अस्पताल), रामपुर पहुंचाया गया है। उन्होंने अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सकों और प्रशासन से व्यक्तिगत रूप से संपर्क कर यह सुनिश्चित करने को कहा है कि प्रत्येक घायल को सर्वोत्तम और त्वरित चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही चिकित्सकों की विशेष टीम को घायलों की लगातार निगरानी रखने और उनकी स्थिति पर नियमित अपडेट देने के निर्देश भी दिए गए हैं।
लोक निर्माण मंत्री ने प्रशासन को प्रभावित परिवारों की हरसंभव सहायता सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि राज्य सरकार पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि घायलों के उपचार और राहत कार्य में किसी भी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी।


उन्होंने ईश्वर से हादसे में घायल सभी लोगों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए कहा कि इस दुखद घड़ी में प्रदेश सरकार पीड़ित परिवारों के साथ पूरी संवेदना और प्रतिबद्धता के साथ खड़ी है।


