
परिचालक समेत दो की मौत पर दुख व्यक्त, घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना
IBEX NEWS BUREAU,शिमला।
मुख्यमंत्री ने शिमला जिले के रामपुर बुशहर उपमंडल के ननखड़ी क्षेत्र स्थित खोलीघाट के समीप घोटोला में हुए दर्दनाक एचआरटीसी बस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। हादसे में बस के परिचालक सहित दो लोगों की मौत तथा कई यात्रियों के घायल होने पर उन्होंने इसे अत्यंत दुखद और हृदयविदारक घटना बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हादसे के बाद स्थानीय प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर उपचार शुरू कराया है। उन्होंने घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए हैं।हादसे में एक यात्री की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बस परिचालक ने अस्पताल पहुंचने के बाद दम तोड़ दिया। हादसे में घायल 22 यात्रियों का महात्मा गांधी सेवा चिकित्सा परिसर, खनेरी (रामपुर) में उपचार जारी है। इनमें कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, रामपुर–खड़ाहण–कोटाधार–खोलीघाट मार्ग पर नियमित सेवा दे रही हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की बस (HP-06A-6454) बुधवार शाम करीब 6:30 बजे गरटोला के समीप अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। बस में चालक और परिचालक सहित कुल 24 लोग सवार थे। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे में 72 वर्षीय दाखू राम, निवासी गांव शाडू, तहसील ननखड़ी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बस के परिचालक जय प्रकाश नेगी (47), निवासी गांव घड़ोली, डाकघर खुनी, तहसील ननखड़ी, को गंभीर अवस्था में खनेरी अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बस चालक हरी सिंह समेत 22 घायल यात्रियों का अस्पताल में उपचार चल रहा है।
दुर्घटना के बाद स्थानीय ग्रामीण सबसे पहले मौके पर पहुंचे और बिना समय गंवाए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने पुलिस और प्रशासन के पहुंचने से पहले कई यात्रियों को बस से बाहर निकालकर सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया। बाद में पुलिस, प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, एचआरटीसी कर्मियों तथा स्थानीय स्वयंसेवकों ने संयुक्त अभियान चलाकर सभी घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से खनेरी अस्पताल पहुंचाया।
घायलों में पुरुष, महिलाएं और एक किशोर भी शामिल हैं। अस्पताल प्रशासन के अनुसार सभी घायलों का उपचार जारी है और गंभीर रूप से घायल मरीजों की विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम लगातार निगरानी कर रही है। आवश्यकता पड़ने पर उन्हें उच्च संस्थान रेफर करने की भी तैयारी रखी गई है।






मुख्यमंत्री ने दिवंगतों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करने और शोकाकुल परिवारों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की। साथ ही उन्होंने सभी घायलों के शीघ्र एवं पूर्ण स्वस्थ होने की कामना की।


