
IBEX NEWS BUREAU रामपुर बुशहर/शिमला।
जिला शिमला के रामपुर उपमंडल में बुधवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में एचआरटीसी (HRTC) बस के परिचालक जय प्रकाश नेगी और 72 वर्षीय दाखू राम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बस चालक हरी सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में कई अन्य यात्री भी घायल हुए हैं, जिनका उपचार महात्मा गांधी सेवा चिकित्सा परिसर, खनेरी (रामपुर) में चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, रामपुर–खड़ाहण–कोटाधार–खोलीघाट मार्ग पर नियमित सेवा दे रही एचआरटीसी बस (HP-06A-6454) शाम करीब 6:30 बजे गरटोला के समीप अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। बस में लगभग 22 यात्री सवार थे। हादसा इतना भीषण था कि बस पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई।
दुर्घटना के बाद आसपास के ग्रामीण सबसे पहले मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों ने पुलिस और प्रशासन के पहुंचने से पहले कई यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस, प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, एचआरटीसी कर्मचारियों और स्थानीय स्वयंसेवकों ने संयुक्त अभियान चलाकर सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान जय प्रकाश नेगी, निवासी गांव घड़ोली, डाकघर खुनी, तहसील ननखड़ी और दाखू राम (72), पुत्र कालूराम, निवासी गांव शाडू, तहसील ननखड़ी के रूप में हुई है। दोनों के निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि स्थानीय मृतक के परिजनों को राहत नियमों के तहत 20 हजार रुपये की फौरी राहत राशि जारी कर दी गई है, जबकि दूसरे मृतक के परिजनों को भी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद नियमानुसार सहायता दी जाएगी।




एसडीएम रामपुर हर्ष अमरेंद्र नेगी स्वयं खनेरी अस्पताल में मौजूद रहकर घायलों के उपचार और राहत व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं। प्रशासन ने अस्पताल को सभी घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।



पुलिस ने दुर्घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी अपुष्ट सूचना या अफवाह पर विश्वास न करें तथा केवल आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें।


