
IBEX NEWS BUREAU,शिमला
शिमला पुलिस द्वारा नशा तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस थाना रामपुर की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को करीब 9 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 17 जुलाई 2026 को पुलिस थाना रामपुर की टीम रोप्रू नाला क्षेत्र में गश्त एवं अपराध रोकथाम ड्यूटी पर तैनात थी। इस दौरान संदेह के आधार पर तीन व्यक्तियों की तलाशी ली गई, जिसमें उनके कब्जे से लगभग 9 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजेंदर कुमार (36 वर्ष), निवासी किन्नौर, निखिल (27 वर्ष), निवासी ननखड़ी, जिला शिमला तथा मोनिका (24 वर्ष), निवासी निरमंड, जिला कुल्लू के रूप में हुई है।
इस संबंध में पुलिस थाना रामपुर में अभियोग संख्या 76/2026, दिनांक 17 जुलाई 2026 को धारा 21 एवं 29, एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस ने आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें 5 दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की गहन जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि बरामद चिट्टा कहां से लाया गया था तथा इसकी सप्लाई किन-किन लोगों तक की जानी थी।


