
IBEX NEWS BUREAU,शिमला
19 जुलाई। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) शिमला द्वारा 20 और 21 जुलाई 2026 के लिए जारी रेड अलर्ट के मद्देनज़र जिला दंडाधिकारी एवं अध्यक्ष जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, सिरमौर प्रियंका वर्मा (IAS) ने जिले में सभी सरकारी और निजी शिक्षण संस्थानों को दो दिनों के लिए बंद रखने के आदेश जारी किए हैं।
जारी आदेशों के अनुसार 20 एवं 21 जुलाई 2026 को जिले के सभी सरकारी एवं निजी स्कूल, शैक्षणिक संस्थान, तकनीकी संस्थान तथा आंगनवाड़ी केंद्र बंद रहेंगे। साथ ही शिक्षण एवं गैर-शिक्षण कर्मचारियों को भी उपस्थिति से छूट दी गई है। हालांकि, आपातकालीन एवं आवश्यक प्रशासनिक कार्यों के लिए संस्थानों के प्रमुख आवश्यकता पड़ने पर आवश्यक स्टाफ को बुला सकेंगे।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इन दो दिनों के दौरान यदि किसी विद्यालय, कॉलेज या अन्य शिक्षण संस्थान में परीक्षा निर्धारित है, तो उसे स्थगित माना जाएगा। संबंधित संस्थान नई परीक्षा तिथि अलग से घोषित करेंगे।
प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी
जिला प्रशासन ने भारी बारिश, भूस्खलन, आकाशीय बिजली और अचानक बाढ़ की आशंका को देखते हुए लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है, विशेषकर भूस्खलन संभावित क्षेत्रों, नदी-नालों और जलधाराओं के आसपास जाने से परहेज करने को कहा गया है।

सभी उपमंडल अधिकारियों, तहसीलदारों, पुलिस, अग्निशमन, स्वास्थ्य, जल शक्ति, लोक निर्माण विभाग और अन्य संबंधित एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रहने तथा जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र (DEOC) के साथ 24 घंटे समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला प्रशासन ने कहा है कि यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा और अगले आदेश तक प्रभावी रहेगा।


