
विधायक डॉ जनक राज ने NHAI टीम की सराहना करते हुए कहा— जनसेवा और मानवीय संवेदनशीलता का प्रेरणादायक उदाहरण
IBEX NEWS BUREAU,शिमला
लगातार हो रही भारी बारिश और प्रतिकूल मौसम के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग NH-154A पर सड़क बहाली का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। इस दौरान भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की टीम ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए ऑक्सीजन सपोर्ट पर निर्भर सात माह के एक शिशु और उसके परिजनों को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचाने में अहम भूमिका निभाई।
विधायक डॉक्टर जनक राज ने सोशल मीडिया के माध्यम से बताया कि भारी वर्षा और भूस्खलन के कारण सड़क दोनों ओर से अवरुद्ध हो गई थी, जिससे ऑक्सीजन सपोर्ट पर निर्भर शिशु अपने परिवार सहित बीच मार्ग में फंस गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए NHAI की पेट्रोलिंग टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए शिशु और उसके परिवार को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया।
उन्होंने कहा कि लगातार गिरते पत्थरों (रॉकफॉल) और सक्रिय भूस्खलन जैसी अत्यंत जोखिमपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद NHAI की टीम दिन-रात सड़क बहाली के कार्य में जुटी हुई है। साथ ही जरूरतमंद नागरिकों की सहायता कर सेवा-भाव, साहस और मानवीय जिम्मेदारी का परिचय दे रही है।
डॉक्टर जनक राज ने कहा कि NH-154A अब केंद्र सरकार की प्रत्यक्ष देखरेख में है और इसकी कार्यशैली का लाभ आम जनता को दिखाई दे रहा है। उन्होंने सड़क बहाली में जुटी NHAI की टीम की सराहना करते हुए इसे जनसेवा का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
उन्होंने लोगों से अपील की कि वर्तमान मौसम को देखते हुए केवल अत्यावश्यक होने पर ही यात्रा करें, प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा भूस्खलन संभावित क्षेत्रों और उफनते नालों-नदियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें।


