जगत प्रकाश नड्डा ने आज शिमला में हिमाचल प्रदेश विधान सभा चुनाव हेतु भाजपा के संकल्प पत्र को जारी किया।

Listen to this article

IBEX NEWS, शिमला।

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने आज रविवार को शिमला में हिमाचल प्रदेश विधान सभा चुनाव हेतु भाजपा के संकल्प पत्र को जारी किया और कहा कि यह केवल और केवल भारतीय जनता पार्टी है जो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हिमाचल प्रदेश के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर सहित पार्टी के सभी सांसद, राज्य सरकार के मंत्रीगण, पार्टी पदाधिकारी उपस्थित थे।

उन्होंने विश्वास जताया कि हिमाचल में रिवाज बदलेगा और पुनः पूरी ताकत के साथ यहाँ कमल खिलेगा।


नड्डा ने कहा कि भाजपा का संकल्प पत्र महज घोषणापत्र नहीं है बल्कि यह हिमाचल प्रदेश के विकास का हमारा रोडमैप है जबकि कांग्रेस का घोषणापत्र विजन लेस और वजन लैस है। कांग्रेस ने हमेशा ही हिमाचल की जनता को धोखा दिया है। प्रदेश का विकास तभी हुआ जब केंद्र में और राज्य में भाजपा की सरकार आई।


बीजेपी सरकार सरकारी कर्मचारियों को न्याय दिलाएगी और धार्मिक पर्यटन को आगे बढ़ाएगी। हम अपने संकल्प पत्र में जो भी वादे करते हैं, उससे कहीं अधिक विकास करके दिखाते हैं। हमारे संकल्प पत्र में 11 कमिटमेंट हैं।


भाजपा सरकार हिमाचल प्रदेश में समान नागरिक संहिता लागू करेगी। हमारी सरकार कानून के अनुसार वक्फ संपत्तियों का सर्वे कराएगी और इसके अवैध उपयोग की जांच करने के लिए न्यायिक आयोग गठित करेगी।


मुख्यमंत्री अन्नदाता सम्मान निधि की शुरुआत की जायेगी जिसके अंतर्गत छोटे किसानों को सालाना ₹3000 की राशि दी जाएगी जो प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के अंतर्गत दिए जा रहे हैं ₹6000 के अतिरिक्त होगी।


भाजपा सरकार चरणबद्ध तरीके से हिमाचल प्रदेश के युवाओं के लिए 8 लाख रोजगार के अवसरों का सृजन करेगी। सभी गाँवों को पक्की सड़कों से जोड़ा जाएगा। भाजपा सरकार राज्य में पांच नए मेडिकल कॉलेज स्थापित करेगी और प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में मोबाइल क्लीनिक की संख्या दोगुनी करेगी।


राज्य सरकार शक्ति नाम से एक नया कार्यक्रम शुरू करेगी जिसमें अगले 10 सालों में ₹12000 का निवेश होगा। इसके माध्यम से सभी प्रमुख मंदिरों के आसपास परिवहन और भौतिक बुनियादी ढांचे को विकसित किया जाएगा और इसे हिम सर्किट से भी जोड़ा जाएगा


भाजपा सरकार सेब पैकेजिंग सामग्री पर किसानों द्वारा जीएसटी भुगतान को 12% तक सीमित कर देगी। किसी भी प्रकार की अतिरिक्त जीएसटी लागत राज्य सरकार द्वारा वहन की जाएगी।


भाजपा सरकार द्वारा सरकारी कर्मचारियों के वेतन में विसंगतियों को दूर किया जाएगा। हुतात्मा सम्मान राशि योजना के अंतर्गत दी जाने वाली अनुग्रह राशि में उल्लेखनीय वृद्धि की जायेगी।

मातृ सशक्तिकरण के लिए अलग से स्त्री शक्ति संकल्प पत्र जारी किया है। इसमें भी हमने 11 संकल्प लिए हैं।


मुख्यमंत्री शगुन योजना के तहत बीपीएल परिवारों की लड़कियों को दी जा रही सहायता राशि को 31,000 रुपये से बढ़ा कर 51,000 रुपये करेगी। छठी से 12वीं कक्षा तक की स्कूल की छात्राओं को साइकिल और उच्च शिक्षा प्राप्त करने वाली लड़कियों को स्कूटी उपलब्ध कराया जाएगा।



सरकारी स्कूलों की 12वीं कक्षा में शीर्ष 5000 रैंक वाली छात्राओं को उनके स्नातक तक की पढ़ाई के लिए 2500 रुपये प्रति माह की छात्रवृत्ति दी जायेगी।


भारतीय जनता पार्टी सरकार राज्य के सभी 12 जिलों में से प्रत्येक में दो बालिका छात्रावासों का निर्माण करेगी जो कि उच्च शिक्षा प्राप्त करने वाली लड़कियों को समर्पित होगी। भाजपा सरकार राज्य के सरकारी नौकरियों और शैक्षणिक संस्थानों में महिलाओं के लिए 33% आरक्षण भी सुनिश्चित करेगी।


बॉक्स

नड्डा ने कहा कि पिछले बार के विधान सभा चुनाव में हमारे वरिष्ठ नेता स्वर्गीय अरुण जेटली ने हमारा संकल्प पत्र लॉन्च किया था। उस संकल्प पत्र में जितने भी वादे किये थे, हमने उससे कहीं अधिक काम पिछले पांच वर्षों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में किया।

ये किया हिमाचल में बीजेपी सरकार ने।

युवाओं और किसानों का सशक्तिकरण करेंगे और हॉर्टीकल्चर को बढ़ावा देंगे।

राज्य में बनने वाली भाजपा सरकार सरकारी कर्मचारियों को न्याय दिलाएगी और धार्मिक पर्यटन को आगे बढ़ाएगी। हमने अपने संकल्प पत्र में 11 प्रतिबद्धताएं सूचीबद्ध की हैं और मिशन मोड में हम अगले पांच वर्षों में इसे पूरा करेंगे।

  1. भाजपा सरकार हिमाचल प्रदेश में समान नागरिक संहिता लागू करेगी। इसके लिए विशेषज्ञों की एक गठित की जायेगी और उनके रिपोर्ट के आधार पर यूनिफ़ॉर्म सिविल कोड को लागू किया जाएगा।
  2. भाजपा सरकार मुख्यमंत्री अन्नदाता सम्मान निधि की शुरुआत करेगी जिसके अंतर्गत छोटे किसानों को सालाना ₹3000 की राशि दी जाएगी जो प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के अंतर्गत दिए जा रहे हैं ₹6000 के अतिरिक्त होगी। इससे हिमाचल प्रदेश के लगभग 9.83 लाख किसानों को लाभ होगा।
  3. भाजपा सरकार चरणबद्ध तरीके से हिमाचल प्रदेश के युवाओं के लिए 8 लाख रोजगार के अवसरों का सृजन करेगी। सरकारी नौकरियों और इकॉनोमिक जोन में ये रोजगार के अवसर उपलब्ध कराये जायेंगे।
  4. भाजपा सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि अगले 5 वर्षों में राज्य के सभी गाँवों को प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के अंतर्गत पक्की सड़कों यानी ऑल वेदर रोड से जोड़ा जाए। इस पर लगभग 5,000 करोड़ रुपये का खर्च आयेगा।
  5. भाजपा सरकार शक्ति नाम का एक कार्यक्रम शुरू करेगी और ₹12000 का निवेश अगले 10 सालों में करेगी जिसके माध्यम से सभी प्रमुख मंदिरों के आसपास परिवहन और भौतिक बुनियादी ढांचे को विकसित किया जाएगा। इन मंदिरों को प्रमुख शहरों से हिम सर्किट के माध्यम से विशेष बसों द्वारा जोड़ा जाएगा।
  6. भाजपा सरकार सेब पैकेजिंग सामग्री पर किसानों द्वारा जीएसटी भुगतान को 12% तक सीमित कर देगी। किसी भी प्रकार की अतिरिक्त जीएसटी लागत राज्य सरकार द्वारा वहन की जाएगी। सरकार के इस निर्णय से प्रदेश के लगभग 1.70 लाख किसानों को फायदा होगा।
  7. भाजपा सरकार राज्य में पांच नए मेडिकल कॉलेज स्थापित करेगी और प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में मोबाइल क्लीनिक की संख्या दोगुनी करेगी। इसमें रेगुलर हेल्थ चेक-अप की भी सुविधा उपलब्ध होगी।
  8. भाजपा सरकार 900 करोड़ रुपये के कोष के साथ स्टार्टअप योजना स्थापित करेगी जिससे युवाओं के रोजगार सृजन हेतु स्टार्टअप को बढ़ावा मिलेगा।
  9. भाजपा सरकार हुतात्मा सम्मान राशि योजना के अंतर्गत विभिन्न परिस्थितियों में शहीद हुए हुतात्मा सैनिकों के आश्रितों को दी जाने वाली अनुग्रह राशि में उल्लेखनीय वृद्धि करेगी।
  10. भाजपा सरकार कानून के अनुसार वक्फ संपत्तियों का सर्वे कराएगी और ऐसी संपत्तियों के अवैध उपयोग की जांच करने के लिए न्यायिक आयोग गठित करेगी।
  11. भाजपा सरकार द्वारा सरकारी कर्मचारियों के वेतन में विसंगतियों को दूर किया जाएगा।

बॉक्स

  1. हिमाचल प्रदेश में बनने वाली डबल इंजन वाली भारतीय जनता पार्टी सरकार बीपीएल परिवारों की लड़कियों के लिए वित्तीय सहायता को मौजूदा 31,000 रुपये से 51,000 रुपये तक बढ़ाकर मुख्यमंत्री शगुन योजना का विस्तार करेगी।
  2. भाजपा सरकार छठी से 12वीं कक्षा तक की स्कूल की छात्राओं को साइकिल और उच्च शिक्षा प्राप्त करने वाली लड़कियों को स्कूटी उपलब्ध कराएगी।
  3. हिमाचल प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी सरकार 500 करोड़ रुपए का एक विशेष कोष स्थापित करेगी जिसके माध्यम से महिला उद्यमियों हेतु होमस्टे स्थापित करने के लिए ब्याज मुक्त ऋण उपलब्ध कराया जाएगा। प्रदेश की भाजपा सरकार महिला स्वयं सहायता समूह को दिए जाने वाले ऋणों की ऊपरी सीमा को बढ़ाकर उन्हें सशक्त बनाएगी और उन्हें दिए जाने वाले ऋण पर लगने वाले ब्याज दर को घटाकर 2% करेगी।
  4. हिमाचल प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी सरकार मां और बच्चे के उचित स्वास्थ्य और देखभाल को सुनिश्चित करने के लिए गर्भवती महिलाओं को ₹25000 की सहयोग राशि प्रदान करेगी।
  5. भाजपा सरकार एक नई देवी अन्नपूर्णा योजना के माध्यम से राज्य में गरीब परिवारों की महिलाओं को हर वर्ष तीन मुफ्त रसोई गैस सिलिंडर प्रदान करेगी।
  6. हिमाचल प्रदेश में बनने वाली भारतीय जनता पार्टी सरकार अटल पेंशन योजना में गरीब परिवारों की 30 वर्ष से अधिक आयु की सभी महिलाओं को सम्मिलित करेगी।
  7. भाजपा सरकार सरकारी स्कूलों की 12वीं कक्षा में शीर्ष 5000 रैंक वाली छात्राओं को उनके स्नातक तक की पढ़ाई के दौरान 2500 रुपये प्रति माह की छात्रवृत्ति राशि प्रदान करेगी।
  8. भाजपा सरकार राज्य के ग्रामीण महिलाओं के लिए उचित मूल्य की दुकान के माध्यम से उनके पशुधन हेतु गुणवत्तापूर्ण चारे की खरीद और वितरण को आसान बनाने के लिए एक प्रणाली स्थापित करेगी।
  9. हिमाचल प्रदेश की भाजपा सरकार सभी महिलाओं को ऐसी बीमारियों की जांच और इलाज के लिए जो वर्तमान में हिम केयर कार्ड में कवर नहीं है, उसे स्त्री शक्ति कार्ड के माध्यम से कवरेज प्रदान करेगी।
  10. भारतीय जनता पार्टी सरकार राज्य के सभी 12 जिलों में से प्रत्येक में दो बालिका छात्रावासों का निर्माण करेगी जो कि उच्च शिक्षा प्राप्त करने वाली लड़कियों को समर्पित होगी।
  11. भाजपा सरकार राज्य के सरकारी नौकरियों और शैक्षणिक संस्थानों में महिलाओं के लिए 33% आरक्षण भी सुनिश्चित करेगी।