Listen to this article

क्षतिग्रस्त घरों के पुनर्निर्माण के लिए 3-3 लाख रुपए की प्रथम किश्त जारी

16 हजार आपदा प्रभावितों का पुनर्वास करेगी राज्य सरकार

IBEX NEWS,शिमला।

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज ‘पुनर्वास’ योजना के तहत जिला मंडी के 3800 आपदा प्रभावित  परिवारों को प्रथम चरण में पहली किश्त के रूप में 31 करोड़ रुपए की धनराशि आबंटित की। विशेष राहत पैकेज के तहत उन्होंने पूरी तरह से क्षतिग्रस्त घरों के पुनर्निर्माण के लिए पहली किश्त के रूप में 3-3 लाख रुपए तथा अन्य प्रभावितों को मुआवजे की पूरी धनराशि प्रदान की। 


मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बार हिमाचल प्रदेश इतिहास की सबसे बड़ी त्रासदी से गुजर रहा है। कभी कल्पना भी नहीं की थी कि ऐसी तबाही आएगी। उन्होंने इस तबाही को स्वयं देखा और इसे युद्ध की तरह लड़ने का फैसला किया। इस अभूतपूर्व चुनौती का सामना करने के लिए सभी मंत्रियों और विधायकों, प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस व अन्य कर्मचारियों ने एकजुटता का परिचय दिया। प्रदेश में फंसे 75 हजार पर्यटकों को एक मिशन के रुप में सुरक्षित निकाला गया। 48 घंटों में बिजली, पानी और अन्य आवश्यक सुविधाओं को अस्थाई रूप से बहाल किया। आपदा से प्रदेश में 12000 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है। इसके साथ-साथ राजस्व को भी हानि हुई। 


मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार आम आदमी और गरीब व निर्धन लोगों की सरकार है तथा उनके दर्द को अच्छे से पहचानती है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पार्टी देखकर कार्य नहीं करती, बल्कि इंसानियत देखकर कार्य करती है। नेता विपक्ष जय राम ठाकुर के विधानसभा क्षेत्र में हेलीकॉप्टर के माध्यम से आवश्यक सामग्री भेजी गई। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में आपदा से प्रभावित 16 हजार परिवारों का पुनर्वास करेगी।
ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि उन्होंने बार-बार केंद्र सरकार से आपदा को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने और हिमाचल प्रदेश को विशेष राहत पैकेज की मांग की। इसके लिए देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मिला, लेकिन अभी तक विशेष राहत पैकेज नहीं मिला। हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू ने नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर पर निशाना साधा है। मंडी के पड्डल मैदान में सोमवार को पुनर्वास कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए उन्होंने जयराम ठाकुर को कहा कि यदि थोड़ी भी शर्म है तो भाजपा के सभी विधायकों को साथ लेकर केंद्र के पास जाएं और प्रदेश के लिए स्पेशल पैकेज की मांग करें।कांग्रेस की सांसद प्रतिभा सिंह ने भी प्रधानमंत्री से मिलकर प्रदेश की मदद करने की मांग की लेकिन भाजपा का कोई भी नेता पैकेज मांगने दिल्ली तक नहीं गया। यही नहीं जब विधानसभा में प्रदेश में आई आपदा को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने के लिए संकल्प लाया गया तो भी भाजपा ने समर्थन नहीं किया। उन्होंने कहा कि अगर ऐसी आपदा भाजपा सरकार के कार्यकाल में आई होती तो कांग्रेस पूरी मज़बूती के साथ लोगों की मदद के लिए आगे आती।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा प्रभावितों की मदद के लिए राज्य सरकार ने आपदा राहत कोष बनाया जिसमें ऐतिहासिक 230 करोड़ रुपए जमा करवाए जा चुके हैं, जो प्रदेश की संस्कृति और लोगों में परोपकारी भाव को दर्शाता है। बच्चों ने अपनी गुल्लक तक आपदा राहत कोष के लिए दे दी। कर्मचारियों ने एक दिन का वेतन दिया, लेकिन ऐसे समय में भाजपा के नेता राजनीति कर रहे हैं।

राज्य सरकार ने अब तक 10 हजार करोड़ रुपए के क्लेम केंद्र सरकार को भेजे हैं तथा जल्द ही 2 हजार करोड़ के क्लेम और भेजे जाएंगे। 

हर प्रभावित को पूरा पैसा दिया जाएगा और इसकी जांच भी करवाई जाएगी। उन्होंने कहा कि मंडी जिला के विकास में राज्य सरकार कोई कमी नहीं आने देगी।
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह ने आपदा के दौरान राज्य सरकार और विशेष रूप से मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के प्रयासों की सराहना की।


बॉक्स

विधायक अनिल शर्मा ने कहा कि ऐसी त्रासदी पहले कभी नहीं देखी। उन्होंने आपदा के दौरान बेहतर कार्यों के लिए बधाई दी। 
बॉक्स

पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर ने कहा कि इस बार बरसात में बहुत बड़ी त्रासदी हुई है। प्रदेश सरकार द्वारा विशेष राहत पैकेज के तहत प्रथम किस्त के रूप में जिला मंडी को 70 करोड़ रुपए की किश्त जारी की जा रही है। 


बॉक्स

जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री प्रकाश चौधरी ने कहा कि आपदा के दौरान मुख्यमंत्री चार बार मंडी के दौरे पर आए और लोगों के बीच रहकर उनकी मदद की।


एपीएमसी मंडी के अध्यक्ष संजीव गुलेरिया ने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू का स्वागत करते हुए प्रभावित परिवारों को राहत प्रदान करने के लिए आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के दौरान आईसीआईसीआई बैंक तथा आईसीआईसीआई फाउंडेशन ने जिला मंडी में पुनर्वास कार्यों को गति प्रदान करने के लिए मुख्यमंत्री को दो फोर्स गुरखा तथा दो महिंद्रा कैंपर गाड़ियों के साथ-साथ 10 फुट-ओवर ब्रिज के दस्तावेज़ सौंपे। 
इस अवसर पर मुख्यमंत्री को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चैलचौक ने एक लाख रुपये, क्रशर ओनर काउंसिल ने 11 लाख रुपये, जोगिंदरनगर मंडल कांग्रेस ने   5.51 लाख रुपये तथा सरकाघाट कांग्रेस ने 1.61 लाख रुपये के चेक आपदा राहत कोष के लिए प्रदान किए।
ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने 6.43 करोड़ रुपए की लागत से मंडी में बनने वाले पुलिस थाना (विजिलेंस) की आधारशिला भी रखी। 
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (मीडिया) नरेश चौहान, पूर्व मुख्य संसदीय सचिव सोहन सिंह ठाकुर, कांग्रेस नेता पवन ठाकुर, विजय पाल सिंह, चंपा ठाकुर, चेत राम ठाकुर, जीवन ठाकुर, उपायुक्त अरिंदम चौधरी, पुलिस अधीक्षक सौम्या सांबशिवन और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।