हिमाचल न्यूज़:चुनाव आते ही भाजपा को विकास कार्यों की याद आ जाती है और उनकी राजनीति केवल विरोध की है।ऊना पहुंचे मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने भाजपा के आरोपों पर जमकर पलटवार किया।

Listen to this article

IBEX NEWS,शिमला।

हिमाचल प्रदेश के ज़िला ऊना पहुंचे मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने भाजपा के आरोपों पर जमकर पलटवार किया। भाजपा की ओर से प्रदेश में विकास कार्य ठप होने के आरोपों पर सुक्खू ने कहा कि भाजपा पहले यह बताए कि उन्होंने अपने पांच साल में क्या किया। ऊना में तैयार हो रहे पीजीआई सेटेलाइट सेंटर से जुड़ी पर्यावरण मंजूरी हमारी सरकार ने करवाई है। कहा कि जो लोग सरकार पर सवाल उठा रहे, उन्होंने काला चश्मा पहन रखा है।उन्होंने कहा कि चुनाव आते ही भाजपा को विकास कार्यों की याद आ जाती है और उनकी राजनीति केवल विरोध की है। पांच राज्यों में चुनाव नतीजों पर मुख्यमंत्री ने कहा कि एग्जिट पोल कांग्रेस के पक्ष में आए और सरकार भी कांग्रेस की बनेगी।इससे पहले पुलिस लाइन झलेड़ा में उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, ऊना सदर से पूर्व विधायक सतपाल रायजादा, कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक देवेंद्र भुट्टो, चिंतपूर्णी के विधायक सुदर्शन बबलू और गगरेट के विधायक चैतन्य शर्मा उनके स्वागत के लिए पहुंचे।

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर की ओर से कांग्रेस की गारंटियों को फर्जी बताने के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी के खातों में 15 लाख रुपये कब आएगा, अनुराग उसके बारे में भी बताएं। हर साल दो करोड़ लोगों को रोजगार देने की बात कही गई थी, केंद्रीय मंत्री उसका भी जवाब दें। कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जब विधानसभा चुनाव से पहले ऊना आए थे तो उन्होंने कहा था कि ऊना-तलवाड़ा रेलवे लाइन 50 साल में पूरी नहीं हुई, वह दो साल में कर देंगे।उसका अभी तक कुछ नहीं हुआ। हमने अपनी पहली गारंटी पुरानी पेंशन योजना हो लागू किया है और 1.36 लाख कर्मचारी उसका लाभ उठा रहे हैं। सरकारी स्कूलों में अंग्रेजी माध्यम में पढ़ाई की गारंटी भी अगले शैक्षणिक सत्र से लागू हो रही है। 680 करोड़ की स्टार्टअप योजना के पहले चरण में कोई ई-टैक्सी लेता है तो उस पर 50 प्रतिशत सब्सिडी दी जाएगी।

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि आने वाले लोकसभा चुनाव में सांसद एवं केंद्रीय मंत्री अनुराग से पूछिये कि ऊना-हमीरपुर रेल लाइन कब तक बिछेगी और ट्रेन कब तक चलेगी। चले तो मैं भी इसमें सफर करुंगा। बल्क ड्रग पार्क के लिए कांग्रेस सरकार ने कंपीटीशन किया, उसके बाद हमें मिला। मुख्यमंत्री पुराना बस अड्डा स्थित परिसर में मेधावी बच्चों को टेबलेट वितरण समारोह के दौरान बोल रहे थे।उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री भी उनके साथ मौजूद रहे। सुक्खू ने कहा कि इतिहास की सबसे बड़ी आपदा प्रदेश में आई। भाजपा ने केवल राजनीति की। लोकसभा चुनाव में वोट लेने आएं तो इनसे पूछिये, आपदा में क्यों खड़े नहीं हुए ? सरकार ने 11 माह में विकास के मील पत्थर स्थापित किए हैं। शिक्षा क्षेत्र को मजबूत करने के लिए आने वाले समय में लेसनर स्कूल खोले जाएंगे। इनमें सभी टीचर उपलब्ध रहेंगे।

आज कैंसर जैसी बीमारी में हिमाचल दूसरा प्रदेश बन गया है। पेपर लीक, पुलिस भर्ती, क्रिप्टोकरेंसी जैसे मामलों पर सरकार के कान पर जूं नहीं रेंगी, बस जनता को ठगते रहे। भाजपा ने अपने लोगों को इसमें सेट किया। कांग्रेस ने इस पर लगाम लगाई। राज्य चयन बोर्ड में अब पेपर लीक जैसी घटना नहीं होंगी।